संत नन्दादास महाराज के सानिध्य में श्रीमद्भागवत कथा और लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ, 251 महिलाओं ने निकाली शोभायात्रा।

नगर के मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर में पावन पुरुषोत्तम (मलमास) मास के शुभ अवसर पर संत नन्दादास महाराज द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा, लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं भंडारे का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।

प्रातः 9 बजे मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई यह कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान स्थित सभा स्थल तक पहुंची। शोभायात्रा रेलवे स्टेशन, पुलिस थाना, मुख्य बस स्टैंड, लक्ष्मी बाजार, गणेश चौक, सब्जी मंडी, होलीथान, तकिया रोड, जयसिंह श्याम मंदिर, रामचौक, रामदेव मंदिर, बड़ीपोल, पीपली पोल और बैंक रोड से होकर निकली। इस दौरान घोड़े-रथ पर संत-महंत विराजमान रहे, जबकि डीजे की धुन पर 251 महिलाएं कलश लेकर भजनों पर नाचते-गाते चल रही थीं।

यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व चित्रकूटधाम से पधारे कथा वाचक व्यासपीठाधीश्वर युवराज कृष्ण महाराज का नगरवासियों द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। पूरे मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत शाम 7:30 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रस्तावित है। वहीं लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का विधि-विधान से संचालन महामंडलेश्वर महंत सीताराम दास महाराज, महंत सन्तदास महाराज, सन्त राजाराम दास महाराज, रामेश्वर दास महाराज, विष्णुदास महाराज, पुरुषोत्तम दास महाराज तथा पंडित आचार्य दुर्गेश पालीवाल द्वारा किया जाएगा।

हनुमान मंदिर के संत नन्दादास महाराज ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में कथा श्रवण हेतु उपस्थित होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण अत्यंत पुण्यदायी होता है और ऐसे धार्मिक आयोजन जनकल्याण एवं धर्म लाभ का माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम में पन्नालाल प्रजापत, प्रकाश सिंह, जसवन्त सिंह, श्रवण जोशी, सोहन सिंह, कजोड मल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। आयोजन के साथ नगर में धार्मिक वातावरण और आध्यात्मिक उत्साह का संचार देखा गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story