जयपुर/राजसमंद। राजसमंद संसदीय क्षेत्र और नाथद्वारा विधानसभा के भविष्य की रूपरेखा तैयार करने की दिशा में विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ एवं सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने आज एक निर्णायक कदम उठाया। जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की।

इस महत्वपूर्ण बैठक में विधायक विश्वराज सिंह और सांसद महिमा कुमारी ने क्षेत्र की लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए नाथद्वारा स्थित राजकीय चिकित्सालय में अत्याधुनिक आईसीयू यूनिट के निर्माण और गुंजोल में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव रखा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिल सके। साथ ही, आर्थिक पक्ष को मजबूती देने हेतु फेल्सपार खनिज एवं खंडा रॉयल्टी में कमी करने तथा संविदा नर्सिंग कर्मियों के स्थायीकरण जैसे गंभीर प्रशासनिक मुद्दों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया गया।

चर्चा का विस्तार औद्योगिक और सामाजिक सरोकारों तक रहा, जिसमें बस बॉडी एसोसिएशन की समस्याओं के समाधान, गाडलिया लोहार कल्याण बोर्ड के गठन की मांग और गड़री समाज को घुमंतु श्रेणी में शामिल करने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल था। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सभी विषयों पर गंभीरता प्रकट करते हुए इनके त्वरित निस्तारण एवं सकारात्मक कार्यवाही का ठोस आश्वासन दिया। बैठक के अंत में विधायक और सांसद ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। यह भेंट राजसमंद और नाथद्वारा के सामाजिक व बुनियादी ढांचे के कायाकल्प की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story