राजसमंद सांसद Mahima Kumari Mewar ने आवासन एवं शहरी कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे के तहत तिरुपति, हैदराबाद, गुलमर्ग और श्रीनगर प्रवास के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकों, फील्ड विजिट और धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई। दौरे के दौरान सांसद ने देशभर में संचालित शहरी विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आधुनिक शहरी मॉडल, विरासत संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के समन्वय का अवलोकन किया।

आंध्र प्रदेश के तिरुपति प्रवास के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर तिरुपति बालाजी में दर्शन कर देश और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान संसदीय समिति के सभापति Magunta Srinivasulu Reddy सहित अन्य समिति सदस्यों की उपस्थिति रही।

हैदराबाद में आयोजित आवासन एवं शहरी कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने भाग लिया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री Anumula Revanth Reddy की उपस्थिति में आयोजित बैठक में अमृत मिशन, अमृत 2.0, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, पीएम स्वनिधि, पीएम ई-बस सेवा, अर्बन चैलेंज फंड और हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा और समीक्षा की गई। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि देश के शहरी विकास मॉडल और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को समझने का यह महत्वपूर्ण अवसर रहा।

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और श्रीनगर प्रवास के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने संसदीय समिति की बैठकों में भाग लेते हुए शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान झेलम रिवर फ्रंट, लाल चौक पब्लिक स्क्वायर और अमीराकदल पैदल क्षेत्र का फील्ड विजिट कर आधुनिक शहरी विकास, विरासत संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के समन्वित मॉडल का अवलोकन किया गया।

श्रीनगर प्रवास के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने शंकराचार्य शिव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर देवाधिदेव महादेव से सभी के सुख, समृद्धि और उन्नति की प्रार्थना की। उन्होंने कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और शांतिपूर्ण वातावरण की सराहना भी की।

सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि ऐसे अध्ययन दौरे देश के विभिन्न राज्यों में संचालित विकास योजनाओं के सफल मॉडलों को समझने और अपने क्षेत्र में बेहतर योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि राजसमंद सहित राजस्थान के शहरी विकास में भी इन अनुभवों का लाभ लिया जाएगा। अध्ययन दौरे के दौरान विभिन्न राज्यों में शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा और फील्ड विजिट ने भविष्य की विकास रणनीतियों को नई दिशा देने का संकेत दिया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story