केलवाड़ा में महेश नवमी पर तीन दिवसीय कार्यक्रम, संतों का मिलेगा सानिध्य
माहेश्वरी नवयुवक मंडल की बैठक में तीन दिवसीय खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं, राजस्थानी वेशभूषा कार्यक्रम और भव्य शोभायात्रा निकालने का लिया गया निर्णय।

माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस 'महेश नवमी' के पावन अवसर पर इस वर्ष आमेट क्षेत्र के केलवाड़ा में भव्य एवं विविध कार्यक्रमों की धूम रहेगी। आगामी 23 जून 2026 को अत्यंत धूमधाम से मनाए जाने वाले इस महापर्व को लेकर माहेश्वरी नवयुवक मंडल केलवाड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय माहेश्वरी भवन केलवाड़ा में आयोजित की गई। इस बैठक में समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से इस बार महेश नवमी पर तीन दिवसीय विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने का सर्वसम्मति से बड़ा निर्णय लिया गया है।
माहेश्वरी समाज के इस सबसे बड़े उत्सव को यादगार बनाने के लिए तीन दिनों तक चलने वाले आयोजनों में सभी आयु वर्ग के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, सामूहिक नृत्य प्रतियोगिताएं तथा पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह त्रि-दिवसीय महोत्सव समाज की एकजुटता और प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। आगामी 23 जून 2026 को इस महोत्सव का भव्य समापन होगा, जिसके अंतर्गत समाज की सभी प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया जाएगा। इसी दिन केलवाड़ा में एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जो पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इस धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन को परम पावन बनाने के लिए रामद्वारा के संत श्री रामस्वरूप शास्त्री, रमता रामजी महाराज सिरोही और गोविंद राम जी महाराज का पावन सानिध्य एवं शुभाशीर्वाद समाज को प्राप्त होगा, जो इस उत्सव में आध्यात्मिक चेतना का संचार करेंगे। इस रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित हुई बैठक में नवयुवक मंडल के संरक्षक गोपाल असावा और मनोज देवपुरा, अध्यक्ष विनय देवपुरा, कोषाध्यक्ष रौनक बाहेती सहित प्रदीप कचोलिया, अल्पेश असावा, गोपाल नागोरी, अमित असावा, प्रियांशु नागोरी, चंद्र प्रकाश, विकास प्रीतम, चाहत असावा तथा घनश्याम मोदी आदि सभी सदस्य गण मौजूद थे, जिन्होंने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का दृढ़ संकल्प लिया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
