लीला कलवार मेवाड़ा: सेवानिवृत्त अध्यापिका ने शिक्षा और गौसेवा के लिए दिए 1.76 लाख रुपये
राजसमंद जिले की सेवानिवृत्त अध्यापिका लीला कलवार ने विद्यालय में पेयजल सुधार और गौशाला के लिए 1 लाख 76 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग दिया है।

राजसमंद के आमेट में सेवानिवृत्त अध्यापिका लीला कलवार को सम्मानित करती महासंघ की टीम।
आमेट। सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा और गौसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल पेश करने वाली अध्यापिका लीला कलवार मेवाड़ा को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा जिला शाखा राजसमंद की ओर से सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्ति के अवसर पर उन्होंने विद्यालय की पेयजल व्यवस्था के सुधार के लिए 65 हजार रुपये तथा गौमाता की सेवा के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ खंड आमेट के अध्यक्ष मुकेश चन्द्र वैष्णव ने बताया कि लावा सरदारगढ़ निवासी अध्यापिका लीला कलवार मेवाड़ा सरदारगढ़ तहसील के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पनोतिया से सेवानिवृत्त हुई हैं। उन्होंने विद्यालय के ट्यूबवेल में नई पाइप लाइन डालने और मरम्मत कार्य के लिए 65 हजार रुपये का सहयोग दिया। इसके साथ ही श्री जगन्नाथ गोपाल गौशाला में गौमाता की सेवा के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये की राशि भेंट की।
उनके इस सहयोग और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण को देखते हुए अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजसमंद की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश सह संगठन मंत्री कैलाश चंद्र सुधार, सम्भाग संगठन मंत्री वीणा वैष्णव, जिला अध्यक्ष शंकरलाल माली, जिला संगठन मंत्री सतीश कुमार आचार्य, कल्पना खंडेलवाल और आमेट खंड अध्यक्ष मुकेश चन्द्र वैष्णव के मुख्य सानिध्य में लीला कलवार को तिलक लगाकर, ईकलाई ओढ़ाकर और मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर खंड अध्यक्ष मुकेश चन्द्र वैष्णव ने कहा कि सेवानिवृत्त अध्यापिका लीला कलवार ने विद्यालय और गौसेवा के लिए आर्थिक अनुदान देकर पूरे शैक्षिक क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। वे राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की आजीवन सदस्य रही हैं और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महासंघ की ओर से उनके दीर्घायु होने तथा सदैव स्वस्थ और प्रसन्न रहने की शुभकामनाएं भी दी गईं।
सम्भाग संगठन मंत्री वीणा वैष्णव ने सेवानिवृत्ति के अवसर पर इस पुनीत कार्य के लिए अध्यापिका लीला कलवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महिला मंत्री डॉ. तरुणा सनाढ्य ने किया।
समारोह में लावा सरदारगढ़ बाजी राउमावि की उप प्राचार्य गीता वराणिया, नाथद्वारा खंड अध्यक्ष किरण माली, राजसमंद खंड अध्यक्ष विनोद आचार्य, चारभुजा खंड अध्यक्ष पप्पू सिंह सोलंकी, जिला उपाध्यक्ष सुजीत त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह चारण, आमेट खंड महिला मंत्री उषा मेवाड़ा, जयमाला शर्मा, सुधा शर्मा, महिला प्रतिनिधि ममता खटीक, प्रेमलता चोरड़िया, कृष्णा टेलर, प्रेमलता श्रीमाली, लीला टेलर, जमना पालीवाल, सीता शर्मा और भावना पालीवाल सहित अनेक महिला शिक्षक उपस्थित रहीं।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
