प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खमनोर के तत्वाधान में देश में लगातार बढ़ती महंगाई एवं नीट पेपर लीक मामले को लेकर खमनोर तहसील कार्यालय पर एक जोरदार विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केसरसिंह गौड़ ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में बढ़ती डीजल, पेट्रोल, सीएनजी और रसोई गैस की कीमतों ने आम आदमी का बजट पूरी तरह से गड़बड़ा दिया है। तेल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण सभी आवश्यक चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीवनयापन करना बेहद मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने देश में बार-बार हो रहे पेपर लीक मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस अव्यवस्था ने देश के लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर के रख दिया है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि नीट पेपर लीक कांड में शामिल नेताओं और कर्मचारियों सहित सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज देश में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है और डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ देश के प्रधानमंत्री विदेशों में यात्राएं करके मेलोडी चॉकलेट बांट रहे हैं, तो दूसरी तरफ यहां की आम जनता महंगाई की मार में बुरी तरह पीस रही है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस कमरतोड़ महंगाई पर लगाम नहीं लगाई गई, तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उग्र संघर्ष करेगी।

इस बड़े विरोध प्रदर्शन के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केसर सिंह गौड़, खमनोर उपप्रधान वैभवराज सिंह, जिला परिषद सदस्य कुकसिंह गौड़, पूर्व प्रधान मांगीलाल पालीवाल, पुरुषोत्तम माली, भंवरसिंह मलिदा, ब्लॉक महामंत्री बंटी पुरोहित, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीता माली, संतोष सुथार, रेखा, मंडल अध्यक्ष खेमसिंह, दुर्गालाल गमेती, भगवती लाल पालीवाल, किसन कटारा, रविन्द्र श्रीमाली, शंकर श्रीमाली, सत्यनारायण श्रीमाली, हिम्मतसिंह गौड़, ललितसिंह सोलंकी, रमेश सोनी, पंकज सोनी, दुर्गासिंह, ललित नागदा, लक्ष्मीलाल गमेती, मोड़सिंह, केसरसिंह कराई, ललित कनेरिया और देवीलाल गायरी सहित बहुत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। यह प्रदर्शन क्षेत्र में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ बढ़ते जनआक्रोश को साफ दर्शाता है।

Vinod Paliwal, Rajsamand

Vinod Paliwal, Rajsamand

नाम: विनोद पालीवाल

वर्तमान पद: संवाददाता (खमनोर, नाथद्वारा), अध्यक्ष (हल्दीघाटी प्रेस क्लब)

कार्यक्षेत्र: खमनोर , हल्दीघाटी, तहसील खमनोर, जिला राजसमंद (राजस्थान)

बीट : राजनीति, स्वास्थ्य, और प्रशासन

विशेष कवरेज: जन समस्याएं, सरकारी योजनाएं, और भ्रष्टाचार से जुड़ी प्रशासनिक जांच

परिचय

विनोद पालीवाल राजस्थान के राजसमंद जिले के अंतर्गत आने वाले खमनोर और नाथद्वारा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, साथ ही वह हल्दीघाटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष पद का दायित्व भी संभाल रहे हैं। विनोद पालीवाल मुख्य रूप से क्षेत्र की राजनीति, स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक गतिविधियों को कवर करते हैं। स्थानीय जन समस्याओं को उठाना, सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत दिखाना और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग करना उनकी कार्यशैली का मुख्य हिस्सा है।

पत्रकारिता का अनुभव
विनोद पालीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वह सन 2000 से लगातार नियमित रूप से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के साथ जुड़कर क्षेत्र में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • कला स्नातक (B.A.)
  • कला स्नातकोत्तर - लोक प्रशासन (M.A. in Public Administration / लोक प्रशासन)

Next Story