खमनोर में हल्दीघाटी की मूल ऐतिहासिक रणभूमि के संरक्षण और उसकी पहचान कायम रखने की मांग अब गांव से दिल्ली तक पहुंच गई है। खमनोर के ग्रामीणों ने रक्त तलाई और मूल युद्धस्थल को महाराणा प्रताप पर्यटन सर्किट में शामिल करने की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपना पक्ष रखा है। इस संबंध में गुरुवार, 12 नवंबर को समाजसेवी कृष्णकांत माली सहित हल्दीघाटी पर्यटन समिति, रणभूमि विकास समिति एवं हल्दीघाटी प्रेस क्लब की ओर से सरपंच जमनालाल माली को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह जी मेवाड़ और सांसद महोदया को व्हाट्सऐप के माध्यम से ऑनलाइन ज्ञापन भेजा गया।

ज्ञापन में मूल हल्दीघाटी रणभूमि को महाराणा प्रताप पर्यटन सर्किट में शामिल करने, ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण करने और इतिहास के साथ कथित छेड़छाड़ के मामलों की जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने यह मुद्दा ऐसे समय उठाया है, जब इस मामले में आगामी दिसंबर माह में हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। वहीं, राजस्थान सरकार की 275.68 करोड़ रुपये की डीपीआर और करीब 168 करोड़ रुपये के एमओयू पर भी काम आगे बढ़ रहा है।

ज्ञापन में हल्दीघाटी युद्ध के ऐतिहासिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और मुगल सेना के बीच 18 जून 1576 को हुआ युद्ध खमनोर एवं बलीचा गांव के मध्य स्थित संकरे पहाड़ी दर्रे से शुरू होकर खमनोर गांव की रक्त तलाई से बनास नदी के किनारे होते हुए मोलेला तक चला था। ग्रामीणों के अनुसार, इतिहासकारों और मुगल इतिहासकार अबुल फजल के विवरण में इस युद्ध का मुख्य केंद्र खमनोर का मैदान बताया गया है। ऐतिहासिक उल्लेखों में इसे खमनोर का युद्ध भी कहा गया है।

ज्ञापन में रक्त तलाई को युद्ध के सबसे भीषण चरण का साक्षी बताते हुए इसे अमर तीर्थस्थली बताया गया है। कहा गया है कि युद्ध के दौरान यहां भारी रक्तपात हुआ था। रक्त तलाई में स्थित झाला मान और ग्वालियर नरेश रामशाह की छतरियां इस ऐतिहासिक घटना के प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। प्रतापकाल में झाला मान और चेतक की स्मृतियों में छतरियों का निर्माण हुआ था, जबकि बाद में राजा कर्णसिंह ने ग्वालियर नरेश रामशाह और उनके पुत्रों की छतरियां बनवाई थीं। ग्रामीणों के अनुसार, सदियों तक इस रणभूमि की पहचान केवल तीन छतरियों से रही है, जो आज भी वहां हुए बलिदान की साक्षी हैं।

ज्ञापन में ऐतिहासिक स्थलों की पहचान बदलने को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने कहा है कि हल्दीघाटी दर्रे के मुहाने पर हकीम खान के बलिदान की स्मृति में कुछ प्रताप भक्तों ने पूजनीय स्मारक बनवाए थे, लेकिन समय के साथ वे कथित तौर पर मजहबी नफरत का शिकार होकर गायब हो गए। इसी तरह रक्त तलाई में करीब 100-125 वर्ष पूर्व पाराशर परिवार ने आस्था के तहत भोले बाबा का सगस जी का चबूतरा बनवाया था, जो वर्तमान में हकीम खान की मजार बन गया है। ज्ञापन में इस बदलाव को इतिहास बदलने की साजिश बताते हुए पूरे मामले का पर्दाफाश करने की मांग की गई है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सही ऐतिहासिक जानकारी मिल सके और मूल स्थलों की पहचान सुरक्षित रह सके।

ग्रामीणों ने मांग की है कि मूल हल्दीघाटी दर्रे की पहाड़ियों में स्थित हल्दीघाटी युद्ध शिखर मोर्चा के लिए पहले प्रस्तावित स्थान का अवलोकन और मूल्यांकन कराया जाए। इसके बाद उसी स्थान को महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रस्तावित किया जाए। साथ ही मूल रणभूमि रक्त तलाई में संग्रहालय का निर्माण कराने की मांग भी उठाई गई है।

ज्ञापन में 01 जनवरी 2023 को हल्दीघाटी में आयोजित सभा का भी उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, उस सभा में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने राजस्थान में भाजपा सरकार बनने पर पवित्र तीर्थस्थली रक्त तलाई में पांच करोड़ रुपये की लागत से संग्रहालय बनवाने की घोषणा की थी। इस योजना के तहत 80 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 20 प्रतिशत राशि राज्य सरकार को वहन करनी थी। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस घोषणा के अनुरूप संग्रहालय का निर्माण रक्त तलाई स्थित मूल युद्धस्थल पर ही कराया जाए, न कि उसे किसी दूसरे स्थान पर ले जाकर ऐतिहासिक स्थल की उपेक्षा की जाए।

इसके अलावा मेवाड़ कॉम्पलेक्स योजना के अंतर्गत प्रस्तावित तृतीय चरण के कार्यों को महाराणा प्रताप पर्यटन सर्किट में शामिल करते समय खमनोर-रक्त तलाई के मूल स्थल को प्राथमिकता देने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पर्यटन विकास की योजनाओं में मूल रणभूमि और उससे जुड़े ऐतिहासिक स्मारकों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन के अंत में ग्रामीणों ने विधायक विश्वराज सिंह जी मेवाड़ से कहा है कि गांव के ऐतिहासिक स्वाभिमान की रक्षा के लिए चल रही इस लड़ाई में समस्त ग्रामवासी उनके साथ हैं। उन्होंने खमनोर गांव के स्वाभिमान की रक्षा के लिए विधायक से सहयोग, मार्गदर्शन और उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

12 नवंबर को यह ज्ञापन ग्राम पंचायत भवन में सरपंच जमनालाल माली को प्रत्यक्ष रूप से सौंपा गया था। इसके अगले दिन 13 नवंबर 2026 को समस्त प्रताप प्रेमी ग्रामवासियों और ग्राम पंचायत खमनोर की ओर से विधायक एवं सांसद महोदया को व्हाट्सऐप के जरिए ऑनलाइन भेजा गया। अब ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि विकास योजनाओं में हल्दीघाटी की मूल रणभूमि खमनोर और रक्त तलाई को उचित स्थान मिले तथा ऐतिहासिक धरोहरों की पहचान और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।

Vinod Paliwal, Rajsamand

Vinod Paliwal, Rajsamand

नाम: विनोद पालीवाल

वर्तमान पद: संवाददाता (खमनोर, नाथद्वारा), अध्यक्ष (हल्दीघाटी प्रेस क्लब)

कार्यक्षेत्र: खमनोर , हल्दीघाटी, तहसील खमनोर, जिला राजसमंद (राजस्थान)

बीट : राजनीति, स्वास्थ्य, और प्रशासन

विशेष कवरेज: जन समस्याएं, सरकारी योजनाएं, और भ्रष्टाचार से जुड़ी प्रशासनिक जांच

परिचय

विनोद पालीवाल राजस्थान के राजसमंद जिले के अंतर्गत आने वाले खमनोर और नाथद्वारा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, साथ ही वह हल्दीघाटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष पद का दायित्व भी संभाल रहे हैं। विनोद पालीवाल मुख्य रूप से क्षेत्र की राजनीति, स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक गतिविधियों को कवर करते हैं। स्थानीय जन समस्याओं को उठाना, सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत दिखाना और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग करना उनकी कार्यशैली का मुख्य हिस्सा है।

पत्रकारिता का अनुभव
विनोद पालीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वह सन 2000 से लगातार नियमित रूप से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के साथ जुड़कर क्षेत्र में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • कला स्नातक (B.A.)
  • कला स्नातकोत्तर - लोक प्रशासन (M.A. in Public Administration / लोक प्रशासन)

Next Story