ग्राम पंचायत खमनोर की कार्यशैली को लेकर स्थानीय जैन समाज में भारी नाराजगी व्याप्त है। पंचायत प्रशासन पर उपेक्षा एवं भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने के आरोप लगाते हुए समाज के वरिष्ठ सदस्य डालचंद कागरेचा ने एक वीडियो जारी कर पंचायत की लापरवाही को सार्वजनिक किया है।

डालचंद कागरेचा ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के सचिव एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा जैन समाज के धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई के प्रति गंभीर उदासीनता बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि जैन मंदिर में आयोजित होने वाले ध्वजारोहण एवं धार्मिक कार्यक्रम के संबंध में पूर्व में ही पंचायत प्रशासन तथा विकास अधिकारी को सूचना दी गई थी। इसके बावजूद मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई नहीं करवाई गई।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन निकट होने के कारण अंततः समाज के लोगों को स्वयं श्रमदान कर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई करनी पड़ी। कागरेचा ने आरोप लगाया कि पंचायत द्वारा अन्य समाजों की बस्तियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की जाती है, जबकि जैन समाज के क्षेत्रों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पंचायत प्रशासन का यही रवैया बना रहा तो जैन समाज को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत पंचायती राज मंत्री, जिला प्रशासन एवं अन्य उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

इस मुद्दे को लेकर जैन समाज के कई लोगों ने भी नाराजगी व्यक्त करते हुए पंचायत प्रशासन से निष्पक्ष एवं समान व्यवहार की मांग की है। समाज के लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता केवल एक समाज का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की गरिमा और आस्था का विषय है। ऐसे में पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल अब स्थानीय स्तर से आगे प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तक पहुंच गए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story