खमनोर में उपनिदेशक पशुपालन पद को पुनः स्थापित करने की मांग
डॉ. कुलदीप कौशिक के पदोन्नति के बाद स्थानीय पशुपालकों ने विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ को ज्ञापन सौंपकर पद को रेलमंगरा से वापस खमनोर लाने का आग्रह किया।

खमनोर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डॉ. कुलदीप कौशिक (बाएं) का सम्मान करते स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता।
खमनोर ब्लॉक वेटनरी चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप कौशिक के प्रमोशन और स्थानांतरण के बाद क्षेत्र में उपनिदेशक पद को पुनः खमनोर चिकित्सालय में स्थापित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। 36 वर्षों तक अनवरत सेवाएं देने वाले डॉ. कौशिक ने हजारों-लाखों गौ माताजी सहित पशुओं की विश्वसनीय सेवा कर क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है।
पशुपालकों और किसानों ने बताया कि डॉ. कुलदीप कौशिक की सेवाओं से सैकड़ों पशुपालकों को लाभ मिला है। उनके उपनिदेशक पद पर प्रमोशन के बाद यह पद खमनोर में ही पुनः पदस्थापित किया जाना आवश्यक है, जिससे गौ माता सहित हजारों जीवों की निरंतर सेवा सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ को ज्ञापन सौंपकर मांग रखी गई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित अधिकारी चार माह बाद सेवानिवृत्त होने वाले हैं, ऐसे में इस पद की खमनोर में उपलब्धता और अधिक आवश्यक हो जाती है। पशुपालकों ने एक स्वर में मांग करते हुए कहा कि उपनिदेशक पद को खमनोर में स्थापित कर क्षेत्र के पशुओं और किसानों की सेवा को मजबूत किया जाए।
इस मांग का समर्थन भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन सिंह परमार, पूर्व मंडल महामंत्री विनोद पालीवाल, पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश पुरोहित आचार्य, आजाद खान पठान, पूर्व पंचायत समिति सदस्य गोपाल कटारा, पूर्व उप सरपंच प्रकाश पालीवाल, महाराणा प्रताप सीनियर स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल पालीवाल और गोपाल माली सहित अन्य ने किया। साथ ही आसपास के पशु चिकित्सकों ने भी इस प्रमोशन का स्वागत करते हुए उपनिदेशक पद को खमनोर में बनाए रखने की आवश्यकता जताई।
किसानों ने मांग की है कि इस पद पर स्थानांतरण कर रेलमंगरा से पुनः खमनोर में पदस्थापन किया जाए, ताकि क्षेत्रीय पशुपालन व्यवस्था को मजबूती मिल सके और वर्षों से मिल रही सेवाओं की निरंतरता बनी रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
