खमनोर में नीट पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
खमनोर तहसील कार्यालय पर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

खमनोर तहसील कार्यालय के बाहर नीट पेपर लीक और बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन के दौरान बैनर और पार्टी के झंडे लिए खड़े ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
खमनोर। देश में लगातार बढ़ती कमरतोड़ महंगाई और चिकित्सा प्रवेश परीक्षा 'नीट' (NEET) के विवादित पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश के बीच खमनोर में बड़ा सियासी धमाका हुआ है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विशेष निर्देशानुसार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खमनोर के तत्वाधान में आज खमनोर तहसील कार्यालय पर सैकड़ों की तादाद में आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ गगनभेदी नारों के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के अंत में महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया, जिसमें देश के मौजूदा हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है।
तहसील कार्यालय के बाहर उपस्थित भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केसरसिंह गौड़ ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी के घरेलू बजट को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया है। ईंधन के दामों में लगातार हो रही इस बेतहाशा वृद्धि के कारण बाजार में सभी आवश्यक वस्तुओं और खाद्य पदार्थों के दाम चरम सीमा पर पहुंच चुके हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए जीवनयापन करना अत्यंत मुश्किल हो गया है।
पेपर लीक के गंभीर मुद्दे पर केंद्र को घेरते हुए ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि देश में बार-बार हो रहे सरकारी परीक्षाओं के पेपर लीक ने देश के लाखों होनहार युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल कर बर्बाद कर दिया है। उन्होंने नीट पेपर लीक घोटाले में संलिप्त रसूखदार नेताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों सहित सभी दोषियों को चिह्नित कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की वकालत की। इसके साथ ही कांग्रेस ने इस परीक्षा महाघोटाले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की पुरजोर मांग की है।
धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने देश की आर्थिक स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि आज भारत में महंगाई अपने ऐतिहासिक उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर होकर रसातल में जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री विदेशों में लगातार यात्राएं करके 'मेलोडी चॉकलेट' बांटने में व्यस्त हैं, जबकि यहां देश की आम जनता भीषण महंगाई की चौतरफा मार से बुरी तरह पीस रही है। कांग्रेस नेताओं ने दोटूक शब्दों में कहा कि भाजपा सरकार आज हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है। यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही बेलगाम होती महंगाई पर लगाम नहीं लगाई, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और सड़क से लेकर सदन तक इस जनविरोधी नीति के खिलाफ उग्र संघर्ष करेगी।
इस विशाल विरोध प्रदर्शन और ऐतिहासिक महापड़ाव के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केसर सिंह गौड़, खमनोर प्रधान भेरुलाल वीरवाल, उपप्रधान वेभवराज सिंह, जिलापरिषद सदस्य कुकसिंह गौड़, पूर्व प्रधान मांगीलाल पालीवाल, पुरूषोतम माली, भंवरसिंह मलिदा, ब्लॉक महामंत्री बंटी पुरोहित, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीता माली, संतोष सुथार, रेखा, मण्डल अध्यक्ष खेमसिंह, दुर्गालाल गमेती, भगवती लाल पालीवाल, किसन कटारा, रविन्द्र श्रीमाली, शंकर श्रीमाली, सत्यनारायण श्रीमाली, हिम्मतसिंह गौड़, ललितसिंह सोलंकी, रमेश सोनी, पंकज सोनी, दुर्गासिंह, ललित नागदा, लक्ष्मीलाल गमेती, मोड़सिंह, केसरसिंह कराई, ललित कनेरिया तथा देवीलाल गायरी सहित बहुत बड़ी संख्या में समर्पित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
