वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के ऐतिहासिक रणक्षेत्र हल्दीघाटी में स्थित रण प्रांगण ‘रक्त तलाई’ के कारण विश्व प्रसिद्ध ग्राम पंचायत खमनोर की स्थिति पंचायत समिति और तहसील मुख्यालय होने के बावजूद लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रशासक कार्यकाल झेल रही पंचायत के मुख्य बस स्टैंड पर प्रतिदिन सुबह नालियों का गंदा पानी सड़क पर फैल जाने से आमजन, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के नाम पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद नालियों की सफाई और रखरखाव पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत द्वारा बनाई गई अधिकांश नालियां दुकानदारों और उनके उपभोक्ताओं द्वारा फैलाई गई प्लास्टिक की गंदगी तथा कचरे से भरी पड़ी हैं। कई स्थानों पर लोगों ने नालियों पर ही पक्का निर्माण कर उन्हें अवैध रूप से अवरुद्ध कर दिया है। इसके चलते प्रतिदिन सुबह पेयजलापूर्ति के समय नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगता है। जलापूर्ति समाप्त होने के बाद कई स्थानों पर पानी सूख जाता है, लेकिन पीछे कीचड़ और दुर्गंध छोड़ जाता है।

इसी मार्ग से प्राचीन वन्दोल माता मंदिर, पंचायत भवन और कस्बे में आने वाले आगंतुक प्रतिदिन गुजरते हैं। हर सुबह स्कूल यूनिफॉर्म पहने बच्चों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। वहीं, सड़क से गुजरने वाले वाहनों के छींटे स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए रोजाना की परेशानी बने हुए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद नालियों की नियमित सफाई और रखरखाव नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि पंचायत प्रशासन की लापरवाही और भाई-भतीजावाद के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। पंचायत द्वारा बस स्टैंड पर नाली निर्माण कार्य अधूरा छोड़ देने से स्थिति और गंभीर हो गई है।

हल्दीघाटी पर्यटन के संरक्षण को लेकर माननीय उच्च न्यायालय पहले ही निर्देश जारी कर चुका है। खमनोर महाराणा प्रताप की कर्मभूमि है और इसी क्षेत्र से स्वयं महाराणा प्रताप के वंशज वर्तमान नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ तथा राजसमंद सांसद श्रीमती महिमाकुमारी मेवाड़ जनप्रतिनिधि हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों का सवाल है कि मूलभूत जनसमस्याओं का समाधान आखिर क्यों नहीं हो रहा और ऐतिहासिक धरोहर अमर बलिदानियों के अमरतीर्थ ‘रक्त तलाई’ के स्वाभिमान और पवित्रता को लेकर सरकार गंभीर क्यों नहीं है।

ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि ग्राम पंचायत में गंदगी फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, नालियों पर किए गए पक्के निर्माण और सड़क से अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Vinod Paliwal, Rajsamand

Vinod Paliwal, Rajsamand

नाम: विनोद पालीवाल

वर्तमान पद: संवाददाता (खमनोर, नाथद्वारा), अध्यक्ष (हल्दीघाटी प्रेस क्लब)

कार्यक्षेत्र: खमनोर , हल्दीघाटी, तहसील खमनोर, जिला राजसमंद (राजस्थान)

बीट : राजनीति, स्वास्थ्य, और प्रशासन

विशेष कवरेज: जन समस्याएं, सरकारी योजनाएं, और भ्रष्टाचार से जुड़ी प्रशासनिक जांच

परिचय

विनोद पालीवाल राजस्थान के राजसमंद जिले के अंतर्गत आने वाले खमनोर और नाथद्वारा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, साथ ही वह हल्दीघाटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष पद का दायित्व भी संभाल रहे हैं। विनोद पालीवाल मुख्य रूप से क्षेत्र की राजनीति, स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक गतिविधियों को कवर करते हैं। स्थानीय जन समस्याओं को उठाना, सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत दिखाना और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग करना उनकी कार्यशैली का मुख्य हिस्सा है।

पत्रकारिता का अनुभव
विनोद पालीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वह सन 2000 से लगातार नियमित रूप से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के साथ जुड़कर क्षेत्र में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • कला स्नातक (B.A.)
  • कला स्नातकोत्तर - लोक प्रशासन (M.A. in Public Administration / लोक प्रशासन)

Next Story