केलवा, 24 अगस्त। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर स्थानीय विद्या निकेतन उच्च प्राथमिक विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बालक-बालिकाओं ने भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए विद्यालय से शिव मंदिर तक कावड़ यात्रा निकाली। यात्रा के बाद विद्यार्थियों ने मंदिर में भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया।

कार्यक्रम प्रभारी रेखा आचार्य ने बताया कि कक्षा अरुण से द्वितीय तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चे भगवान शिव, माता पार्वती, नंदी एवं शिव भक्तों की वेशभूषा में कावड़ यात्रा में शामिल हुए। विद्यार्थी अपने कंधों पर भगवान शिव को अर्पित करने के लिए जल की कावड़ लेकर चल रहे थे।

यात्रा के दौरान बच्चे “हर-हर भोले”, “ॐ नमः शिवाय” तथा “जय श्री पार्वती पति” के जयकारों के साथ झूमते हुए आगे बढ़े। रास्ते में बच्चों का उत्साह एवं भक्ति देखकर नगरवासी भी भाव-विभोर हो उठे। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

कावड़ यात्रा के शिव मंदिर पहुंचने पर विद्यार्थियों ने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा भगवान शिव का जलाभिषेक कर नगर की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से सभी बच्चों को फल वितरित किए गए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गिरवर सिंह, दीदीजी सुनीता पारीक, रेखा आचार्य, गायत्री टेलर एवं अध्यापक कन्हैयालाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story