केलवा क्षेत्र में सामाजिक सरोकार एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पर्यावरण एवं जन विकास मंच की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। ग्राम पंचायत केलवा में आयोजित बैठक में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में नई टीम का चयन किया गया, जिसमें संगठनात्मक संरचना को औपचारिक रूप प्रदान किया गया।

बैठक में किशन पालीवाल को मंच का अध्यक्ष तथा सोनू सिंगर घांची को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। संगठनात्मक दायित्वों के तहत दिनेश कुमार खटीक को संगठन मंत्री, भरत कुमार रजक को मीडिया प्रभारी, निर्मल जैन को कोषाध्यक्ष, मकबूल हुसैन सिंधी को प्रचार-प्रसार मंत्री, कमलेश पालीवाल को सचिव तथा लोकेश सेन को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही संगठन के संरक्षक मंडल में सोहन लाल रेगर, हरिश राव, मांगू बक्श, कालूराम भील एवं माधु माली को शामिल किया गया।

बैठक के दौरान मंच के उद्देश्यों एवं आगामी कार्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि मंच का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र में जागरूकता फैलाना, स्वच्छता अभियान चलाना, जल संरक्षण, पौधारोपण तथा सामाजिक विकास कार्यों को गति देना रहेगा। साथ ही युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जाएगा।

नवनियुक्त अध्यक्ष किशन पालीवाल ने कहा कि संगठन समाजहित एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर सक्रिय रहेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। उपाध्यक्ष सोनू सिंगर घांची ने कहा कि टीम सेवा भावना के साथ क्षेत्र के विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देगी।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने तथा समाजहित में मिलकर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस नई कार्यकारिणी के गठन को क्षेत्र में सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story