केलवा मोक्ष धाम का जीर्णोद्धार: बोहरा परिवार ने बदली सूरत
भामाशाह तनसुख नरेंद्र बोहरा परिवार ने मोक्ष धाम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया, गरीबों के लिए नि:शुल्क अंतिम संस्कार की व्यवस्था भी शुरू की।

राजसमंद के केलवा में नेशनल हाईवे पर स्थित मोक्ष धाम, जिसका भामाशाह तनसुख नरेंद्र बोहरा परिवार द्वारा संपूर्ण जीर्णोद्धार कर आधुनिक स्वरूप दिया गया है।
केलवा क्षेत्र के नेशनल हाईवे रोड पर स्थित मोक्ष धाम का भामाशाह तनसुख नरेंद्र बोहरा परिवार द्वारा जीर्णोद्धार कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बना दिया गया है। इस मोक्ष धाम को अब नए स्वरूप में विकसित कर क्षेत्रवासियों को एक स्वच्छ और सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध कराया गया है। जानकारी के अनुसार, मोक्ष धाम का निर्माण 16 अक्टूबर 2014 को भामाशाह तनसुख नरेंद्र बोहरा परिवार द्वारा करवाकर ग्रामवासियों को समर्पित किया गया था।
समाज सेवा की अनूठी मिसाल और भव्य पुनरुद्धार
एक बार फिर समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए भामाशाह बोहरा परिवार ने आगे बढ़कर मोक्ष धाम का संपूर्ण जीर्णोद्धार करवाया। इस कार्य में न केवल भवन का रंग-रोगन कराया गया, बल्कि पूरे परिसर को सुव्यवस्थित और आकर्षक रूप भी दिया गया है। भामाशाह तनसुख नरेंद्र बोहरा परिवार का यह प्रयास न केवल एक निर्माण कार्य है, बल्कि यह समाज सेवा और मानवता की एक अनूठी मिसाल भी है।
आधुनिक सुविधाओं और सकारात्मक वातावरण का संगम
जीर्णोद्धार के दौरान मोक्ष धाम में कई आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां साफ-सुथरे और उपयोगी शुभ-सुलभ शौचालय को मॉडिफाई किया गया, इसके साथ ही लकड़ी रखने की समुचित व्यवस्था की गई है जिससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में आसानी हो सके। परिसर में आने वाले लोगों के बैठने के लिए गार्डन में बैठने की विशेष व्यवस्था है। हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण कर वातावरण को शांत एवं सकारात्मक बनाने का प्रयास किया गया है। इससे न केवल मोक्ष धाम का वातावरण बेहतर हुआ है, बल्कि यहां आने वाले लोगों को मानसिक शांति भी मिलती है। दीवारों पर प्रेरणादायक आदर्श वाक्य भी लिखवाए गए हैं, जो जीवन के सत्य और मूल्यों की ओर ध्यान आकर्षित करते हैं। इन वाक्यों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया है।
गरीब एवं असहाय परिवारों के लिए संवेनदनशील पहल
भामाशाह तनसुख नरेंद्र बोहरा परिवार द्वारा केवल निर्माण और जीर्णोद्धार तक ही सीमित नहीं रहा गया है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गरीब एवं असहाय परिवारों के लिए भी अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा रही है। जिन परिवारों के पास संसाधनों की कमी होती है, उनके लिए नि:शुल्क या सहयोग के साथ अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अनाथ शवों के दाह संस्कार की व्यवस्था भी बोहरा परिवार द्वारा ही की जा रही है, जो समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना को दर्शाता है। इसके अतिरिक्त, आज के समय में जहां लोग अपने निजी कार्यों में व्यस्त रहते हैं, वहीं ऐसे परिवार समाज के लिए आगे बढ़कर कार्य कर रहे हैं, जो वास्तव में सराहनीय है। इस प्रकार का कार्य समाज में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करता है और अन्य लोगों को भी समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
