केलवा में रास्ता भटका दो वर्षीय मासूम बच्चा, सोशल मीडिया की मदद से परिजनों से मिला
सदर बाजार क्षेत्र में अकेले घूमते मिले बच्चे को समाजसेवी कैलाश चंद्र सालवी ने संभाला, व्हाट्सएप ग्रुपों पर सूचना प्रसारित होने के दस मिनट बाद पहुंचे परिजन।

केलवा के सदर बाजार में रास्ता भटके दो वर्षीय बच्चे को सकुशल परिजनों (दाएं) को सौंपने के बाद बच्चे के साथ समाजसेवी कैलाश चंद्र सालवी (बाएं)।
केलवा कस्बे के सदर बाजार क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक दो वर्षीय मासूम बच्चा अपने घर से भटककर रास्ता भटक गया और अकेला बाजार में घूमता मिला। कम उम्र होने के कारण बच्चा अपना नाम, पता अथवा परिजनों की कोई जानकारी देने में असमर्थ था, जिससे उसकी पहचान तुरंत संभव नहीं हो सकी। बाजार में मौजूद लोगों ने बच्चे की सहायता का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक सफलता नहीं मिली।
इसी दौरान बामनटुकड़ा निवासी समाजसेवी कैलाश चंद्र सालवी की नजर बच्चे पर पड़ी। उन्होंने अपने निजी कार्य और व्यवसाय को छोड़कर तत्काल बच्चे की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। लगभग चार घंटे तक वे बच्चे को अपने संरक्षण में रखते हुए आसपास के लोगों से लगातार पूछताछ करते रहे, लेकिन प्रारंभिक प्रयासों में सफलता नहीं मिली।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैलाश चंद्र सालवी ने बच्चे की जानकारी और फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए। पत्रकार भरत कुमार रजक के माध्यम से यह सूचना विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में भी प्रसारित की गई, जिससे क्षेत्र में तेजी से संदेश फैल गया।
सोशल मीडिया पर सूचना प्रसारित होने के महज लगभग दस मिनट के भीतर ही बच्चे के परिजनों तक जानकारी पहुंच गई। सूचना मिलने पर परिजन कुंदनलाल रेगर तत्काल श्रीराम मोबाइल के पास पहुंचे, जहां बच्चा सुरक्षित मिला। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और खुशी व्यक्त की तथा कैलाश सालवी सहित सभी सहयोगियों का आभार जताया।
परिजनों ने समाजसेवी कैलाश सालवी की मानवता और संवेदनशीलता से प्रभावित होकर उन्हें 11 हजार रुपए की सम्मान राशि देने की पेशकश की, जिसे उन्होंने स्पष्ट रूप से लेने से इनकार कर दिया। कैलाश सालवी ने कहा कि किसी भी बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाना समाज का नैतिक कर्तव्य है और उन्होंने केवल अपनी जिम्मेदारी निभाई है।
कैलाश सालवी ने इस घटना के माध्यम से छोटे बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
