केलवा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रेरणा सम्मान कार्यक्रम आयोजित
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की ओर से महिलाओं के योगदान और सशक्तिकरण पर NGO मीट और सम्मान समारोह आयोजित

केलवा। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में तेरापंथ महिला मंडल, केलवा की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्थानीय तेरापंथ भवन में NGO मीट एवं प्रेरणा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की सामाजिक भूमिका, योगदान और नारी सशक्तिकरण पर विशेष विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत संरक्षिका चंद्रा कोठारी द्वारा “नमस्कार महामंत्र” के उच्चारण से हुई। इसके बाद महिला मंडल ने प्रेरणा गीत प्रस्तुत कर मंगलाचरण किया। महिला मंडल की अध्यक्ष रत्ना कोठारी ने स्वागत भाषण में महिलाओं को समाज और परिवार में सकारात्मक भूमिका निभाने तथा आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता बिंदिया सांखला ने कहा कि महिला दिवस महिलाओं की शक्ति, साधना और समर्पण को समर्पित होता है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी पहचान बनाएँ और समाज निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर सायर देवी तख्तमल बोहरा को प्रेरणा सम्मान से सम्मानित किया गया। केलवा ग्राम पंचायत की सरपंच सुमन साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। NGO मीट में राधा कृष्ण मंडल की अध्यक्ष बालाजी शर्मा तथा स्वच्छ केलवा हरित केलवा संस्था की अध्यक्ष हंसा राठौड़ सहित दो संस्थाओं की महिलाएं भी शामिल हुईं।
कार्यक्रम में सरिता कोठारी, भावना बोहरा, गीता कोठारी सहित अन्य महिलाओं ने कविता और गीतों के माध्यम से अपने विचार साझा किए। अतिथियों का उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया गया और सभी बहनों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मधे नीरू कोठारी ने किया, जबकि आभार उपाध्यक्ष किरण कोठारी ने व्यक्त किया। महिला मंडल की बहनों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही, जिसने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बनाया।
यह कार्यक्रम महिलाओं के सामाजिक योगदान और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आया।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
