केलवा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित शराब ब्रांचों को लेकर पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आबादी क्षेत्रों में खुलेआम शराब बिक्री और एमआरपी से अधिक कीमत वसूले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों ने स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे, जिससे अवैध कारोबार संचालित करने वालों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी करते हुए शराब बेची जा रही है। आबादी क्षेत्र के समीप संचालित इन अवैध ब्रांचों के कारण सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खुलेआम शराब बिक्री से युवाओं पर गलत असर पड़ रहा है, वहीं आए दिन विवाद और अशांति की स्थिति भी बन रही है।

कुछ दिन पूर्व रेगर मोहल्ला क्षेत्र में महिलाओं को खुले में शराब दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। हालांकि संबंधित दुकान कुछ समय के लिए बंद हुई, लेकिन बाद में दोबारा संचालन शुरू होने से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी और बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

उपभोक्ताओं ने शराब दुकानदारों पर एमआरपी से अधिक राशि वसूलने के आरोप भी लगाए हैं। लोगों का कहना है कि दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे मांगे जाते हैं और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है। उपभोक्ताओं के अनुसार मजबूरी में उन्हें अधिक कीमत देकर शराब खरीदनी पड़ रही है।

महिलाओं और बुजुर्गों ने भी आबादी क्षेत्र के पास शराब बिक्री को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि मोहल्लों के आसपास खुलेआम शराब बिक्री होने से परिवारों और बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त कार्रवाई कर अवैध शराब ब्रांचों को बंद करवाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। क्षेत्र में बढ़ती शिकायतों के बीच अब प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story