केलवा क्षेत्र में इन दिनों पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। क्षेत्र के कई मोहल्लों और चौपाटी सर्विस रोड पर नलों से गंदा एवं बदबूदार पानी आने से ग्रामीणों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। दूषित पानी की समस्या को लेकर आमजन में भारी रोष व्याप्त है और लोगों ने प्रशासन व जलदाय विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है।

ग्रामीणों में किशन लाल पालीवाल, रामलाल तेली, शंकर लाल, लक्ष्मी देवी, पवन सुथार और भेरूलाल रजक ने बताया कि पानी में बदबू के साथ मिट्टी और गंदगी भी मिल रही है, जिससे यह पूरी तरह पीने योग्य नहीं रह गया है। पिछले कई दिनों से घरों में सप्लाई हो रहा पानी पीला और दूषित आ रहा है। पानी से तेज बदबू आने के कारण लोग इसका उपयोग करने से भी कतरा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। दूषित पानी के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त और त्वचा संबंधी परेशानियों की शिकायत भी होने लगी है। स्थिति ऐसी बन गई है कि लोगों को मजबूरी में बाजार से महंगा पानी खरीदकर उपयोग करना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि गरीब एवं मजदूर वर्ग के परिवारों के लिए यह समस्या और अधिक गंभीर हो गई है। नियमित रूप से पानी खरीदना हर किसी के लिए संभव नहीं है, लेकिन दूषित पानी पीने से स्वास्थ्य खराब होने का डर लगातार बना हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। विभाग द्वारा केवल औपचारिक कार्रवाई कर समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पेयजल पाइपलाइन की तुरंत जांच कर खराब लाइनों को बदला जाए तथा पानी की गुणवत्ता की जांच करवाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में गंभीर बीमारी फैल सकती है। लोगों ने प्रशासन और जलदाय विभाग से जल्द शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story