केलवा CHC में डॉ. सुरेंद्र निठारवाल की पुनः नियुक्ति की मांग, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
राजसमंद के केलवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से वरिष्ठ चिकित्सक के स्थानांतरण के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर से बहाली की गुहार लगाई।

केलवा। क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) केलवा में कार्यरत रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुरेन्द्र सिंह निठारवाल को पुनः नियुक्त करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने डॉक्टर निठारवाल की सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्हें पुनः केलवा CHC में पदस्थापित करने की मांग उठाई।
12 वर्षों का अटूट विश्वास और सेवा
ज्ञापन में बताया गया कि "डॉ. निठारवाल ने करीब 12 वर्षों तक केलवा CHC में अपनी सेवाएं दी हैं। इस दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर उपचार के साथ-साथ मानवीय व्यवहार प्रदान किया।" ग्रामीणों नानालाल, कमलेश, रमेश चंद्र, राहुल, मुकेश कुमार, प्रकाश चंद्र, शंकर लाल, सोहनी बाई, अनीता कुमार, खमानी बाई, रमेश चंद्र, सत्यनारायण, लालू राम, निर्मल कुमार, हिम्मत सिंह, दिनेश कुमार, उदय भान, धर्मचंद समेत कई ग्रामीणों का कहना है कि "डॉक्टर का मरीजों और उनके परिजनों के साथ व्यवहार हमेशा सराहनीय रहा है, जिसके चलते वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय रहे।"
स्थानांतरण पर उठाए सवाल और निजी द्वेष का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा निजी द्वेष के चलते उनकी शिकायत की गई, जिसके आधार पर उन्हें CMHO कार्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया। उनका कहना है कि यह कार्रवाई तथ्यों के आधार पर नहीं बल्कि व्यक्तिगत कारणों से की गई है, जबकि डॉक्टर के खिलाफ किसी प्रकार की ठोस शिकायत या प्रमाण सामने नहीं आए हैं।
CHC में चिकित्सकों की कमी और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रभाव
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान समय में केलवा CHC में चिकित्सकों की कमी बनी हुई है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे में एक अनुभवी और समर्पित डॉक्टर की वापसी बेहद आवश्यक है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो सके। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए डॉ. सुरेन्द्र सिंह निठारवाल को पुनः केलवा CHC में नियुक्त किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद
ज्ञापन पर कई ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं, जिनमें विभिन्न वार्डों के पंच और स्थानीय नागरिक शामिल हैं। सभी ने एक स्वर में डॉक्टर की वापसी की मांग करते हुए कहा कि "इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।" ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई करेगा, ताकि क्षेत्र के मरीजों को राहत मिल सके और अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
