केलवा में वाहन चोर गिरोह सक्रिय, 3 दिन में 2 बाइक और स्कूटी चोरी, दहशत का माहौल
केलवा कस्बे के भिक्षु विहार, सदर बाजार सहित अन्य इलाकों से दिनदहाड़े वाहन चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, व्यापारियों और आमजन में बढ़ी चिंता।

केलवा कस्बे में इन दिनों बाइक चोर गिरोह पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि बदमाश दिनदहाड़े बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पिछले तीन दिनों में कस्बे से एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी चोरी होने की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शनिवार को केलवा के भिक्षु विहार क्षेत्र में एक और बाइक चोरी की घटना सामने आई। बाइक चालक विकास बोहरा ने बताया कि वह एक शादी समारोह में देखरेख के लिए गया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उसकी बाइक का ताला तोड़कर उसे चोरी कर ले गए। घटना के समय आसपास लोगों की आवाजाही भी थी, लेकिन इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर वाहन मालिक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
इससे पहले भी कस्बे में लगातार वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पूर्व केलवा थाना परिसर के समीप स्थित खाटू श्याम एजेंसी पर अज्ञात बदमाशों ने पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और उन्हें अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वहां खड़ी बाइक चोरी करने का भी प्रयास किया, हालांकि उस समय वे अपने मंसूबों में पूरी तरह सफल नहीं हो सके। इस घटना से स्पष्ट है कि चोर पहले साक्ष्य मिटाने का प्रयास कर रहे हैं और उसके बाद वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
इसी क्रम में सदर बाजार से अर्पना जोशी की स्कूटी भी चोरी हो गई। भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र से वाहन चोरी होने के बाद व्यापारियों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि व्यस्त बाजार क्षेत्र में भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं तो अन्य स्थानों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
एक अन्य घटना में अनूप सिंह राजपूत की मोटरसाइकिल भी अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। लगातार तीन दिनों के भीतर दो बाइक और एक स्कूटी चोरी होने की घटनाओं से आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में कोई संगठित वाहन चोर गिरोह सक्रिय है, जो सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा है। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

Bharat Kumar Rajak, Rajsamand
नाम: भरत कुमार रजक
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: केलवा (राजसमंद, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): शिक्षा, सोशल एक्टिविटी (सामाजिक गतिविधियां) और एजुकेशन
अनुभव: 12 वर्ष
परिचय
भरत कुमार रजक 'प्रातः काल' समाचार पत्र में संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र केलवा है। वह नियमित रूप से शिक्षा (एजुकेशन), शैक्षणिक व्यवस्थाओं, स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक गतिविधियों (सोशल एक्टिविटी) से जुड़े विषयों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
भरत कुमार रजक को मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में 12 वर्षों का लंबा अनुभव है। पिछले एक दशक से अधिक समय से वह क्षेत्र की खबरों और जनहित के मुद्दों को लगातार कवर कर रहे हैं।
