आमेट। समाज की समस्याओं को सामने लाने, आमजन की आवाज अधिकारियों तक पहुंचाने और प्रभावशाली लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने वाले पत्रकारों के सामने आज अपनी आजीविका का संकट भी खड़ा है। समाज के हर वर्ग को पत्रकार से निष्पक्ष खबरों, ईमानदारी और जिम्मेदारी की अपेक्षा रहती है, लेकिन जब उसकी मेहनत का भुगतान करने और समाचार पत्र को आर्थिक सहयोग देने की बात आती है तो कई लोग बजट का अभाव बताकर पीछे हट जाते हैं। यह स्थिति पत्रकारिता के सामने एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

मुबारिक-अजनबी के अनुसार, आज हर कोई चाहता है कि पत्रकार उसकी छोटी से छोटी खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करे, उसकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाए, कार्यक्रमों को समाचार पत्र में जगह दे और जरूरत पड़ने पर उसके पक्ष में आवाज उठाए। लेकिन जब उसी पत्रकार की रोजी-रोटी और परिवार की जिम्मेदारियों का सवाल आता है तो अधिकांश लोग किनारा कर लेते हैं।

त्योहारों और राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर जब पत्रकार समाचार पत्र के लिए विज्ञापन मांगते हैं तो समाजसेवी, व्यापारी, नेता, विधायक, सांसद और बड़े पदों पर बैठे लोग बजट नहीं होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। इसके विपरीत, जब इन्हीं लोगों को अपनी तस्वीर और खबर अखबार में प्रकाशित करवानी होती है तो पत्रकार को बार-बार फोन किया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पत्रकार का काम केवल खबरें प्रकाशित करना है? उसकी भी पारिवारिक जिम्मेदारियां हैं। उसके बच्चे हैं, घर का खर्च है और रोजमर्रा की जरूरतें हैं।

समस्या केवल विज्ञापन नहीं मिलने तक सीमित नहीं है। कई बार विज्ञापन देने के लिए सहमति जताने वाले लोगों से भुगतान प्राप्त करना भी पत्रकारों के लिए मुश्किल हो जाता है। कभी अगले दिन आने को कहा जाता है तो कभी अगले सप्ताह का आश्वासन दिया जाता है। कई मामलों में भुगतान मांगने पर फोन उठाना तक बंद कर दिया जाता है।

विडंबना यह है कि समाजसेवा, गरीबों की अस्पतालों में मदद और सामाजिक जिम्मेदारी की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले कुछ सफेदपोश लोग विज्ञापन की राशि रोककर बैठे रहते हैं। उनके कलफ लगे कुर्ते और कॉलर की चमक बरकरार रहती है, लेकिन पत्रकार की मेहनत का भुगतान उनकी प्राथमिकता में शामिल नहीं होता। कई बार पुराने विज्ञापन का बकाया चुकाए बिना ही ऐसे लोग किसी दूसरे पत्रकार से नए विज्ञापन की बात करने पहुंच जाते हैं।

दूसरी ओर, जब कोई पत्रकार दस्तावेजों और सबूतों के आधार पर किसी घोटाले या भ्रष्टाचार को उजागर करता है तो यही प्रभावशाली लोग नाराज हो जाते हैं। पत्रकार की आवाज दबाने के लिए कभी मानहानि तो कभी रंगदारी जैसे मुकदमों की धमकी देने की कोशिश की जाती है। निष्पक्ष पत्रकारिता की अपेक्षा करने वालों को यह भी समझना होगा कि सच लिखने वाले पत्रकार की आर्थिक मजबूती और सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है।

पत्रकारिता के काम में भी नियमित खर्च होते हैं। खबरों के लिए मौके पर पहुंचने में बाइक का पेट्रोल लगता है, प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का खर्च होता है और मोबाइल रिचार्ज की जरूरत पड़ती है। इसके साथ ही परिवार की जिम्मेदारियां और बच्चों की फीस भी चुकानी होती है। दीपावली के अवसर पर जब पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा होता है, तब कई पत्रकार खबरों की तलाश में सड़कों पर सक्रिय रहते हैं। लेकिन उनके अपने घरों की आर्थिक परेशानियां अक्सर किसी की नजर में नहीं आतीं।

पत्रकारिता केवल सम्मान पत्र, फूल-मालाओं और मंचों पर मिलने वाली तालियों से संचालित नहीं हो सकती। इसके लिए आर्थिक सहयोग, जरूरी संसाधन और सम्मानजनक व्यवहार भी आवश्यक हैं। विज्ञापन देना किसी खबर को खरीदना नहीं, बल्कि समाचार पत्र के संचालन में सहयोग करना है। विज्ञापन के बदले खबरों की निष्पक्षता से समझौता नहीं होना चाहिए, लेकिन विज्ञापन की राशि रोककर पत्रकार की मेहनत का अपमान करना भी उचित नहीं है।

समाज के सामने यह सवाल बना हुआ है कि जो पत्रकार दूसरों के संघर्ष, समस्याओं और आर्थिक परेशानियों को अपनी खबरों के माध्यम से सामने लाता है, क्या उसके अपने संघर्ष की भी कोई कीमत है? समाज को दूसरों के घरों के चूल्हे बुझने की खबर लिखने वाले पत्रकार के घर की आर्थिक स्थिति पर भी ध्यान देना होगा। आखिरकार कलम उठाने वाला पत्रकार भी इंसान है। उसे सम्मान, उसकी मेहनत का उचित भुगतान और अपने परिवार के साथ सुकून से जीवन बिताने का अधिकार है।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story