झोलाछाप के इंजेक्शन से मासूम की मौत, आक्रोशित परिजनों का हंगामा — स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
भीम के जस्साखेड़ा गांव में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इंजेक्शन लगते ही बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने हंगामा किया। स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को सील कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

भीम/जस्साखेड़ा। ग्राम पंचायत जस्साखेड़ा में एक झोलाछाप डॉक्टर की कथित लापरवाही ने सात वर्षीय मासूम की जान ले ली। वायरल बुखार से पीड़ित बच्चे को परिजन उपचार के लिए गांव स्थित एक निजी क्लीनिक पर लेकर पहुंचे थे, जहां कथित प्राइवेट चिकित्सक ने बिना जांच किए इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही बच्चे की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल पसर गया। परिजन और ग्रामीण क्लीनिक के बाहर जमा हो गए और आरोपी झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम विकास शर्मा, पुलिस दल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बीसीएमएचओ डॉ. सैनी के निर्देश पर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर संबंधित क्लीनिक को तत्काल सील करवा दिया। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना किसी जांच के बच्चे को हाई डोज इंजेक्शन दे दिया। इंजेक्शन लगते ही बच्चे को खून की उल्टियां आने लगीं और हालत गंभीर हो गई। डॉक्टर ने दूसरा इंजेक्शन भी लगा दिया, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। परिजन बच्चे को उप जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में खुलेआम झोलाछाप डॉक्टर अपनी दुकानें चला रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग आंख मूंदे बैठा है। कई बार शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होती, जिसका खामियाजा आम ग्रामीणों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ता है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि ऐसे फर्जी चिकित्सकों पर तुरंत रोक लगाई जाए और स्वास्थ्य विभाग अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए।

Rahul Acharya, Rajsamand
नाम: राहुल आचार्य
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें
परिचय
राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
