राजसमंद जिले की पीपली अहिरान पंचायत के प्रेमपुरा गांव में अवैध बजरी खनन को लेकर मंगलवार रात तनाव चरम पर पहुंच गया। महीनों से चल रहे रेती दोहन के विरोध में उतरे ग्रामीणों और कथित बजरी माफियाओं के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक जा पहुंचा। इस झड़प में जिला परिषद सदस्य लेहरु लाल अहीर के पुत्र सहित तीन से चार ग्रामीण घायल हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही कुंवारिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने तीन युवकों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया तथा मौके से अवैध खनन में लिप्त एक JCB मशीन और एक कार जब्त की। फिलहाल पुलिस माइनिंग विभाग से अनुमति और खनन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। विभागीय पुष्टि के बाद आरोपियों पर माइनिंग एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निजी खातेदारी भूमि से विगत एक माह से अवैध बजरी निकाली जा रही थी। इस संबंध में कई बार माइनिंग विभाग और पुलिस प्रशासन को शिकायतें दी गईं, लेकिन कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में असंतोष पनपता गया। घटनाक्रम की रात जब ग्रामीण पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे, तो एक डंपर में तेजी से बजरी भरी जा रही थी। पुलिस को देख JCB चालक मशीन वहीं छोड़कर भाग निकला। इसके बाद जमीन मालिक सुरेश चंद्र सुथार ने कुंवारिया थाने में मामला दर्ज कराया और डंपर को भी जब्त करने की मांग की।

अगली सुबह गुस्साए ग्रामीण भारी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि लगातार हो रहा अवैध खनन खेती योग्य भूमि, जलस्रोतों और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है।

अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों की इस मुखर आवाज ने प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें माइनिंग विभाग की जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिक गई हैं, जिससे यह साफ हो सके कि क्या प्रेमपुरा में महीनों से जारी अवैध बजरी दोहन पर आखिरकार अंकुश लगेगा या नहीं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story