राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। देर रात करीब दो बजे एक युवक अपने 10 से 12 साथियों के साथ स्कार्पियो गाड़ी में ससुराल पहुंचा और बड़े हथौड़े से घर का गेट तोड़ दिया। इसके बाद उसने घर में घुसकर अपनी पत्नी, सास और साले पर बेरहमी से हमला किया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आरोपी व्यक्ति अपनी दो साल की बेटी और घर में रखे जेवरात लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी को हथौड़ा लेकर गेट तोड़ते और हमला करते हुए साफ देखा जा सकता है।

सूचना मिलते ही भीम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को भीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। पत्नी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सास और साले को भी चोटें पहुंची हैं।

पुलिस के अनुसार, महिला ने पहले भी अपने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था और करीब एक वर्ष से वह मायके में रह रही थी। इसके बावजूद आरोपी ने देर रात अपने साथियों के साथ पहुंचकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही लापता बच्ची की तलाश के लिए भी अलग से प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भीम में घटी इस वारदात ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधी रात को हुई यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पारिवारिक विवाद किस हद तक हिंसक रूप ले सकते हैं।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story