आमेट (राजसमंद)। राजस्थान के राजसमंद जिले के अंतर्गत आने वाले आमेट नगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे बुजुर्गों को निशाना बनाने से भी नहीं चूक रहे हैं। नगर की न्यू कॉलोनी, आमेट–देवगढ़ रोड स्थित पावर हाउस के पास एक मकान में बीती रात करीब 8 बजे दिल दहला देने वाली लूट की वारदात सामने आई है। यहाँ छत के रास्ते घर में दाखिल हुए दो नकाबपोश बदमाशों ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला सोहनी बाई वैष्णव को न केवल मौत का खौफ दिखाया, बल्कि उनके शरीर से लाखों रुपये के सोने के जेवरात जबरन उतार लिए। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

घटना के समय सोहनी बाई वैष्णव घर में बिल्कुल अकेली थीं और टीवी पर रामायण धारावाहिक देखते हुए भोजन कर रही थीं। तभी अचानक मकान की छत के रास्ते दो अज्ञात युवक नीचे कमरे में आ धमके। अचानक अजनबियों को घर में देखकर वृद्धा बुरी तरह घबरा गईं और जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने का प्रयास किया। लेकिन बेरहम बदमाशों ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे उनका सिर पास ही लगे एक खंभे से जा टकराया। इस टक्कर के कारण उनकी आंख के पास गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान हो गईं। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें जबरन पलंग पर बैठा दिया और धमकी दी कि यदि शोर मचाया या विरोध किया तो वे उन्हें जान से मार देंगे।

बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के शरीर पर मौजूद सोने के कीमती जेवरात लूटना शुरू किया। लुटेरों ने कान की टोटियां, ओगनियां, चार मादलियां, एक रामनामी और हाथ का एक बाजूबंद, जिसका कुल वजन करीब 8 तोला बताया जा रहा है, जबरन उतार लिए। इसके बाद बदमाशों की नजर बुजुर्ग महिला के पैरों में पहनी करीब तीन किलो वजनी चांदी की कड़ियों पर पड़ी। बदमाशों ने उन्हें निकालने का काफी प्रयास किया लेकिन वे खुल नहीं पाईं। अपनी जान को खतरे में देख सोहनी बाई ने हाथ जोड़कर लुटेरों से विनती की और खजुरिया बावजी की सौगंध देते हुए कहा कि वे चाहें तो सुनार को बुलाकर ये कड़ियां खुलवा लें, बस उनकी जान बख्श दें। वृद्धा की गुहार सुनकर बदमाशों ने कड़ियां छोड़ दीं।

वारदात के दौरान एक बदमाश लगातार पीड़िता पर नजर रखे रहा, जबकि दूसरा पूरे घर के सामान को खंगालता रहा। जाते समय बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने आवाज लगाई तो वे वापस आकर उनकी जान ले लेंगे। हालांकि, इस भयावह घटना के बीच एक अजीबोगरीब मंजर तब देखने को मिला जब जाते-जाते एक बदमाश ने सोहनी बाई के चरण स्पर्श किए और कहा कि "आप हमारी दादी के समान हैं," और फिर दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पूरी रात खौफ के साये में घर के अंदर कैद रहने के बाद, सुबह होने पर पीड़िता ने पड़ोसियों को आपबीती सुनाई और उदयपुर में रह रहे अपने पुत्र को सूचित किया। सूचना मिलते ही आमेट थाना अधिकारी ओम सिंह चुंडावत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना कर पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना अधिकारी ने बताया कि चोरी और लूट की इस घटना की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और अपराधियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story