हिंदुस्तान जिंक माइंस पर ग्रामीणों का प्रदर्शन उग्र, पुलिस ने दो नेताओं को लिया हिरासत में
भैंसों की मौत के बाद उचित मुआवजे और अनुपस्थिति दर्ज किए जाने से नाराज कर्मचारियों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री का मुख्य मार्ग अवरुद्ध किया, क्षेत्र में पुलिस तैनात।

चार तस्वीरों के इस कोलाज में, पहली तस्वीर में प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच बहस होती दिख रही है, दूसरी तस्वीर में पुलिसकर्मी सड़क पर मार्च कर रहे हैं, तीसरी तस्वीर में एक व्यक्ति सड़क पर लेटा हुआ है, और चौथी तस्वीर में पुलिसकर्मी एक प्रदर्शनकारी को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।
हिंदुस्तान जिंक माइंस के निकट डंपर की चपेट में आने से दो भैंसों की मौत के बाद उचित मुआवजे की मांग को लेकर कर्मचारियों और ग्रामीणों का पिछले तीन दिनों से चल रहा आंदोलन शनिवार को उग्र हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रभावित पशुपालक को मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से सी-शिफ्ट का कार्य बंद था। शुक्रवार को कंपनी और आंदोलनकारियों के बीच सहमति बनने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन इसी दौरान कंपनी द्वारा सी-शिफ्ट के कर्मचारियों की अनुपस्थिति (एब्सेंट) दर्ज किए जाने के बाद कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया।
इसके बाद आंदोलनकारियों ने फैक्ट्री के मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों के प्रवेश का विरोध किया। इस दौरान कुछ लोगों ने बसों के सामने लेटकर मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाकर भीड़ को तितर-बितर किया।
इस कार्रवाई के दौरान सरपंच हीरालाल सहित दो नेताओं को हिरासत में लेकर रेलमगरा थाने ले जाया गया। नेताओं की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के बाहर एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीण और कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जिससे स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।

Rahul Acharya, Rajsamand
नाम: राहुल आचार्य
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें
परिचय
राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
