केलवा राजसमंद लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद स्वर्गीय हरिओम सिंह राठौड़ की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को हरिओम दिया फैंस के तत्वावधान में ग्राम पंचायत पसून्द स्थित हरिओम उपवन में श्रद्धांजलि सभा एवं प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, सुरेन्द्र सिंह राठौड़, शंकर सिंह रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष मानसिंह बारहठ, हरिसिंह राठौड़, करणवीर सिंह राठौड़, उप प्रधान सुरेश जोशी एवं कार्यक्रम संयोजक महेश पालीवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में पूर्व सांसद स्वर्गीय हरिओम सिंह राठौड़ की प्रतिमा का अनावरण किया गया।

प्रतिमा अनावरण के पश्चात आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान राजसमंद संसदीय क्षेत्र के जिस भी क्षेत्र में वह पहुंचीं, वहां आमजन द्वारा स्वर्गीय हरिओम सिंह राठौड़ के कार्यों, उनके सरल स्वभाव और जनता से आत्मीय जुड़ाव का उल्लेख अवश्य किया गया। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में जनता के हृदय में विशेष स्थान बनाया। सांसद ने कहा कि स्वर्गीय हरिओम सिंह राठौड़ का जीवन सादगी, जनसेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। वे सदैव जमीन से जुड़े नेता रहे और आमजन की भावनाओं को समझते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करते रहे, जिसके कारण आज भी समर्थक, शुभचिंतक एवं क्षेत्रवासी उन्हें आत्मीयता से याद करते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिमा स्थापित की गई है।

कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने हरिओम दिया फैंस के कार्यकर्ताओं एवं पसून्द सरपंच अयन जोशी की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिमा अनावरण से स्वर्गीय हरिओम सिंह राठौड़ की स्मृतियां पुनः जीवंत हो उठी हैं। उन्होंने कहा कि हरिओम सिंह राठौड़ राजनीति के अजातशत्रु थे और हर विचारधारा के लोग उनका सम्मान करते थे। वे हर व्यक्ति की समस्या को अपनी प्राथमिकता मानकर समाधान का प्रयास करते थे। विधायक ने कहा कि भाजपा प्रदेश महामंत्री, सांसद, जिला प्रमुख एवं जिला अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों पर रहने के बावजूद उनके व्यक्तित्व में कभी पद का अहंकार नहीं आया और वे सदैव कार्यकर्ताओं एवं आमजन से आत्मीय रूप से जुड़े रहे।

पूर्व जिला अध्यक्ष मानसिंह बारहठ ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं, बल्कि उन विचारों, संस्कारों और जनसेवा की भावना का स्मरण है, जिसने हजारों कार्यकर्ताओं को दिशा दी। उन्होंने कहा कि सांसद रहते हुए हरिओम सिंह राठौड़ ने ग्रामीण विकास, शिक्षा और जल संरक्षण को प्राथमिकता दी तथा उनकी सबसे बड़ी पहचान साधारण रहन-सहन और असाधारण जनसंपर्क रही।

कार्यक्रम को पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, विधायक शंकर सिंह रावत एवं उदयपुर के पूर्व महापौर रविंद्र श्रीमाली ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर श्रीकृष्ण पालीवाल, सत्यनारायण पूर्विया, महेंद्र सिंह चौहान, नवल सुराणा, आशा पालीवाल, वीरेंद्र पुरोहित, पूर्व प्रधान सुरेश जोशी, जवाहर जाट, नर्बदा शंकर पालीवाल, सविता सनाढ्य, महेश आचार्य, दिग्विजय सिंह भाटी, प्रदीप खत्री, हिम्मत कुमावत, विकास पालीवाल, विनोद जोशी, गिरीश पालीवाल, टीना सेन, सफलता गुर्जर, रीना कुमावत, मोनिका जोशी, अशोक पालीवाल, गोविंद प्रजापत, सुमित पारीक, भरत दवे सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में राजनीतिक एवं गैर राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण अयन जोशी ने दिया, जबकि आभार हरिसिंह राठौड़ ने व्यक्त किया। मंच संचालन गोपाल कृष्ण पालीवाल एवं गिर्राज काबरा ने किया। यह आयोजन स्वर्गीय हरिओम सिंह राठौड़ की जनसेवा, सरलता और राजनीतिक योगदान की स्मृतियों को पुनः जीवंत कर गया, जिसे क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण श्रद्धांजलि आयोजन के रूप में देखा गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story