भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पात्र लाभार्थियों को पेंशन व पशु बीमा पत्र वितरित किए।

जिले की ग्राम पंचायत पीपली अहिरान में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम विकास रथ एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा समाधान के लिए त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को पेंशन एवं पशु बीमा पत्र वितरित किए गए।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय समस्याओं और आवश्यकताओं को सामने रखा, जिस पर उपस्थित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के निर्देश प्रदान किए गए। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास रथ एवं रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष एवं रथ यात्रा संयोजक माधव चौधरी, जिला परिषद सीईओ ब्रिजमोहन बैरवा, जिला महामंत्री महेंद्र सिंह चौहान, विधानसभा प्रवासी प्रकाश अहीर, मंडल उपाध्यक्ष लोभचंद अहीर, सरपंच गंगा देवी अहीर, नन्दलाल अहीर, लहरीलाल अहीर, रतन अहीर, जगदीश वैष्णव, लक्ष्मण अहीर सहित पार्टी पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता से सीधे संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनसंपर्क को नई गति मिली है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story