देवगढ़। सरकार जहां एक ओर जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने और आमजन को जागरूक करने के लिए विकास रथ यात्रा के माध्यम से निरंतर प्रयासरत है, वहीं धरातल पर निचले स्तर के अधिकारियों की उदासीनता इन प्रयासों पर पानी फेरती नजर आ रही है। देवगढ़ क्षेत्र की अर्जुनगढ़ ग्राम पंचायत में आयोजित विकास रथ यात्रा प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और अधिकारियों की भारी लापरवाही की भेंट चढ़ गई, जिसने सरकारी दावों की पोल खोलकर रख दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में केवल पटवारी और कृषि पर्यवेक्षक ही उपस्थित रहे, जबकि अन्य विभागों के जिम्मेदार अधिकारी आयोजन से पूरी तरह नदारद पाए गए। ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि कार्यक्रम की पर्याप्त सूचना उन तक नहीं पहुंचाई गई, जिसके परिणामस्वरूप गांव से मात्र दो ग्रामीण ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इस दौरान अपनी विफलता छिपाने के लिए अधिकारियों द्वारा स्कूल शिक्षकों के साथ फोटो खिंचवाकर आयोजन को “सफल” दिखाने का प्रयास किया गया, जिसे लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर जिला प्रशासन और जिला कलेक्टर योजनाओं को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, वहीं स्थानीय अधिकारियों की यह उदासीनता योजनाओं की गंभीरता और क्रियान्वयन पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पंचायत सचिव से संपर्क किया गया, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि पंचायत पुनर्गठन के कारण पूर्व में पुरानी पंचायत में कार्यक्रम के आदेश थे, किंतु दो दिन पहले ही नवीन आदेश प्राप्त हुए। सचिव ने अपनी अनुपस्थिति का कारण स्वास्थ्य खराब होना बताया और दावा किया कि सरपंच प्रतिनिधि को सूचित करने के साथ-साथ व्हाट्सएप के माध्यम से संबंधित लोगों तक जानकारी प्रेषित की गई थी।

यह घटनाक्रम स्पष्ट करता है कि यदि सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु आयोजित कार्यक्रमों के प्रति ही जिम्मेदार अधिकारी संवेदनशील नहीं हैं, तो आम ग्रामीणों तक इन योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचना अत्यंत चुनौतीपूर्ण होगा। अब देखना यह है कि प्रशासन इन लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध क्या दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करता है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story