राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन के कार्यों को सुगमता, पारदर्शिता एवं त्वरित गति से पूर्ण करने के उद्देश्य से 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित देवगढ़ नगर पालिका का "शहरी सेवा शिविर" बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। शिविर के माध्यम से नगरवासियों को विभिन्न नागरिक सेवाएं एक ही स्थान पर एकल खिड़की व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराई गईं, वहीं बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।

शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार के पट्टों के कुल 193 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 136 प्रकरणों का अनुमोदन कर पट्टे जारी किए गए। अपंजीकृत पट्टों को पुनर्वैध कर पंजीकरण कराने के लिए प्राप्त 31 आवेदनों में से 29 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। बकाया एकमुश्त लीज राशि जमा कर फ्री होल्ड से लीज होल्ड एवं लीज मुक्ति प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए प्राप्त 86 आवेदनों में से 62 का निस्तारण किया गया।

भवन निर्माण संबंधी सेवाओं के अंतर्गत भवन मानचित्र स्वीकृति के 17 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 13 आवेदन स्वीकृत किए गए। निर्माण अवधि विस्तार के 18 आवेदनों में से 16 का निस्तारण किया गया। नामांतरण के 42 आवेदनों में से 38 प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जबकि उप-विभाजन एवं संयुक्तिकरण के प्राप्त दोनों आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त यू.डी. टैक्स के 17 प्रकरणों में से 12 प्रकरण स्वीकृत कर राशि जमा कराई गई। भू उपयोग परिवर्तन के 7 प्रकरणों में से 4 का भी निस्तारण किया गया।

शिविर के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गईं। विश्वकर्मा पेंशन योजना के अंतर्गत 12 आवेदन स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 38 लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृति के बाद संबंधित बैंकों को भेजे गए, जबकि 15 लाभार्थियों को ऋण वितरण भी किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 18 पात्र आवेदकों को पीपीओ जारी किए गए।

आयोजन के अवसर पर नगर पालिका देवगढ़ के प्रशासक श्री मोहकम सिंह, तहसीलदार श्री सज्जनराम, अधिशाषी अधिकारी श्री पिन्टू लाल जाट सहित पालिका के श्री हरि सिंह, श्री धर्म सिंह (वरिष्ठ सहायक), श्री राकेश यादव (AFO), श्री नरेन्द्र कुमार सेन, श्री मनोहर लाल रेगर, श्री दिनेश कुमार जीनगर, श्री अशोक सरगरा, श्री गुमान सिंह, श्री शिवराज मीणा एवं अन्य समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने भी शिविर में सहभागिता करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

शिविर के सफल संचालन पर प्रशासन एवं नगर पालिका ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story