राजसमन्द के देवगढ़ में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत नगर पालिका देवगढ़ और कॅरियर संस्थान की ओर से गोशाला रोड पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि सभी 51 पौधे बेटियों के नाम पर लगाए गए। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बेटियों के सम्मान का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) पी. एल. जाट तथा स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर भावना पालीवाल रहे। अधिशासी अधिकारी पी. एल. जाट ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार या किसी एक संस्था का कार्य नहीं है, बल्कि यह हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत नगर पालिका देवगढ़ शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।



पी. एल. जाट ने कहा कि बेटियों के नाम पर पौधे लगाना न केवल भावी पीढ़ी को सुरक्षित पर्यावरण देने का प्रयास है, बल्कि यह समाज में बेटियों के सम्मान को भी पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक पौधा धीरे-धीरे वटवृक्ष बनकर छांव और फल देता है, उसी प्रकार बेटियां भी दो कुलों को रोशन करती हैं।

स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर भावना पालीवाल ने कहा कि बेटियों के नाम से पौधा लगाना एक भावनात्मक और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि जब कोई परिवार अपनी बेटी के नाम का पौधा लगाता है तो उसकी देखभाल भी संतान की तरह आत्मीयता से की जाती है, जिससे पौधों के जीवित रहने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।



गोशाला रोड के किनारे आयोजित इस पौधारोपण अभियान में जामुन, अमरूद, इमली और अमलताश सहित विभिन्न प्रजातियों के औषधीय, फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान आमजन से विशेष अपील करते हुए कहा गया कि लोग अपने जीवन के यादगार अवसरों, जैसे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, परिजनों की स्मृति अथवा अन्य किसी विशेष पर्व और उत्सव पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। साथ ही उसकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लें, ताकि प्रत्येक क्षेत्र हराभरा बन सके।

इस दौरान विशेष रूप से बच्चों के जन्मदिन पर उनके हाथों से पौधा लगाने की परंपरा शुरू करने का आह्वान किया गया, जिससे आने वाली पीढ़ी में बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

कार्यक्रम में युक्तांश्री पालीवाल, कनिष्ठ तकनीकी सहायक अशोक सरगरा, एमआईएस इंजीनियर शिव राज मीणा, आरती कच्छावा, भावना सुखवाल, किरण सोनी, टीना टांक, नेहा हांडा, तनिषा देवड़ा, दर्शना पालीवाल, स्वच्छता मित्र तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story