दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नाथद्वारा श्रीनाथजी मंदिर में किए दर्शन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सपरिवार दर्शन कर आशीर्वाद लिया, इस दौरान केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और कई राज्य मंत्री भी मंदिर में उपस्थित रहे।

नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन के उपरांत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मंदिर परंपरा के अनुसार प्रसाद भेंट कर सम्मानित करते अधिकारी।
राजसमन्द नाथद्वारा। पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधानपीठ श्रीनाथजी की हवेली में रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रभु के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री निजी कार्यक्रम के तहत उदयपुर आई हुई थीं, इसी दौरान वे प्रातः नाथद्वारा पहुंचीं और श्रीनाथजी के मनोहारी श्रृंगार झांकी के दर्शन किए।
मंदिर परंपरा के अनुसार सम्मान
दर्शन उपरांत मंदिर परंपरा के अनुसार अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को उपरना एवं रजाई ओढ़ाकर श्रीनाथजी का प्रसाद भेंट किया तथा सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सुद, समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह तथा विधायक नवीन शर्मा भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का आगमन
इस दौरान भारत सरकार में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी सपरिवार श्रीनाथजी के दर्शन किए। मंदिर प्रशासन द्वारा उनका भी परंपरानुसार सम्मान किया गया।
उपस्थित प्रशासनिक अधिकारी एवं सेवादार
- सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य
- तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित
- सीईओ जितेंद्र पांडेय
- कलेक्टर अरुण कुमार
- एसपी ममता गुप्ता
- अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं सेवादार
मुख्यमंत्री का वक्तव्य एवं प्रस्थान
"श्रीनाथजी के दर्शन कर वे स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रही हैं और उन्हें अद्भुत शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि राजस्थान त्याग और बलिदान की भूमि है तथा दिल्ली में निवासरत राजस्थान के परिवारों के साथ वे सदैव जुड़कर कार्य करती रहेंगी।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
