पूर्व विधायक गणेश सिंह परमार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विरोध जताया।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आमेट नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध एक विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। महंगाई, नीट पेपर लीक धांधली, और पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों सहित बिजली-पानी के गंभीर संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय मुख्य बस स्टैंड पर एकत्रित होकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के आक्रोश और सरकार विरोधी गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिसके पश्चात उपखंड अधिकारी (एसडीएम) गोविंद सिंह रत्नू को राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने अवगत कराया कि बेतहाशा बढ़ती महंगाई के कारण किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और युवा गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहे हैं। घरेलू गैस और ईंधन के दामों में निरंतर वृद्धि ने आम नागरिक के बजट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'बीजेपी हाय हाय', 'मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी', 'बिजली पानी दे न सके वो सरकार निकम्मी है' और 'जो सरकार निकम्मी है वह सरकार बदलनी है' जैसे तीखे नारों के साथ अपना रोष प्रकट किया। साथ ही 'कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद' और 'राहुल गांधी जिंदाबाद' के नारों के साथ एकजुटता प्रदर्शित की गई।

इस विरोध प्रदर्शन में क्षेत्र के वरिष्ठ नेतृत्व सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गणेश सिंह परमार, कांग्रेस प्रत्याशी एवं प्रदेश सचिव योगेन्द्र सिंह परमार, नगर पालिका आमेट के निवर्तमान चेयरमैन कैलाश मेवाड़ा, उप चेयरमैन हाजी मीरू खांन मंसुरी, और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रामलाल गुर्जर ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इनके अतिरिक्त नगर कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल तेली, शब्बीर बोहरा, आजाद शाह, सिराज शेख, मनोज बुनकर, प्रदीप सिंह राठौड़, ताहिर शोरघर, मनीष मेवाड़ा, जहूर हुसैन शौरघर, मोतीलाल डांगी, भरत त्रिवेदी, मोहम्मद फिरोज शेख, रत्नेश आमेटा, ललित पालीवाल, नन्दलाल पालीवाल, हरीश रेबारी, ललित लोहार और फारूक शाह सहित अनेक पदाधिकारियों ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए इस आंदोलन को निर्णायक मोड़ तक ले जाने का संकल्प दोहराया। यह प्रदर्शन क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं के प्रति प्रशासन और सरकार को सचेत करने की दिशा में कांग्रेस का एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन साबित हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story