सीबीएसई 10वीं बोर्ड दूसरी परीक्षा: आमेट के विद्यार्थियों को 40 किमी दूर मिला केंद्र
मॉडल स्कूल आमेट के विद्यार्थियों को दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए कांकरोली आवंटित किए जाने से भीषण गर्मी में आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड Central Board of Secondary Education (सीबीएसई) की ओर से इस वर्ष शुरू की गई कक्षा 10 की दो बोर्ड परीक्षाओं की नई व्यवस्था स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल आमेट के विद्यार्थियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। शैक्षिक सत्र 2025-26 से लागू इस प्रणाली के तहत पहली बोर्ड परीक्षा फरवरी-मार्च में आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम अप्रैल के तीसरे सप्ताह में जारी हुआ था।
परिणाम घोषित होने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अंक सुधार के उद्देश्य से दूसरी परीक्षा के लिए आवेदन किया और शुल्क भी जमा कराया। इसी क्रम में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल आमेट के करीब 30 विद्यार्थियों ने दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन किया। लेकिन जब प्रवेश पत्र जारी हुए तो परीक्षा केंद्र देखकर विद्यार्थियों के होश उड़ गए, क्योंकि उन्हें 40 किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया।
विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए Lakshmi Path Singhania School Kankroli, जे के नगर कांकरोली, राजसमंद भेजा गया है। यह दूरी भीषण गर्मी के बीच विद्यार्थियों के लिए कठिनाई का कारण बन गई है।
उल्लेखनीय है कि मॉडल स्कूल आमेट में सीबीएसई का परीक्षा केंद्र पहले से ही स्थित है और फरवरी-मार्च में हुई पहली बोर्ड परीक्षा सभी विद्यार्थियों ने इसी केंद्र पर दी थी। विद्यार्थियों का कहना है कि जब परीक्षा केंद्र यहीं था तो दूसरी परीक्षा के लिए इसे क्यों बदला गया, जबकि सीबीएसई द्वारा प्रति विषय 320 रुपये शुल्क भी लिया गया है। दूसरी बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में शामिल हो सकते हैं।
सीबीएसई की दूसरी बोर्ड परीक्षा 15 मई से 21 मई तक प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों का कहना है कि यदि पहले से परीक्षा केंद्र 40 किलोमीटर दूर होने की जानकारी होती तो वे इतनी भीषण गर्मी में दूसरी परीक्षा के लिए आवेदन नहीं करते।
यह स्थिति न केवल विद्यार्थियों की सुविधा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि परीक्षा व्यवस्था की व्यावहारिकता पर भी गंभीर चर्चा को जन्म देती है।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
