राजसमंद जिले की पुलिस ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक बार फिर अपनी बहादुरी की मिसाल पेश की है। करीब दो माह से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी चोर को पुलिस ने उसके ही गांव से गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ के बीच पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए पिस्टल तक निकालनी पड़ी, लेकिन अपने संयम और दृढ़ता से पुलिस ने स्थिति को काबू में करते हुए आरोपी को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रशांत सासी पुत्र गणेश सासी, निवासी गुलखेड़ी, जिला राजगढ़ (मध्यप्रदेश) है। आरोपी पर आरोप है कि उसने करीब दो माह पूर्व राजसमंद जिले में तैनात एक सेना के जवान की कार से 10 लाख रुपये की नकदी चोरी की थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

भीम थाना पुलिस और मध्यप्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी रखी हुई थी। पुलिस टीम ने विशेष सूचना के आधार पर गुलखेड़ी गांव में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने देशभर में 200 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है, जिससे उसके गिरोह की गतिविधियों का नेटवर्क उजागर हुआ है।

पुलिस ने आरोपी को तस्दीक के लिए जब उसके गांव ले जाया गया, तो वहां स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल उग्र होने लगा। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों ने अपनी सुरक्षा में पिस्टल दिखाकर भीड़ को पीछे हटाया और सूझबूझ से कार्य करते हुए आरोपी को सुरक्षित गांव से बाहर निकाला।

राजसमंद पुलिस अधीक्षक ने इस बहादुराना कार्रवाई के लिए पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने न केवल साहस दिखाया, बल्कि विवेक और पेशेवर दक्षता से काम करते हुए एक खतरनाक चोर को गिरफ्तार किया है। इस सफलता से एक बड़े अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

पुलिस के अनुसार, इस चोरी में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story