ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय खुलते ही शिक्षण व्यवस्था और स्वच्छता का जायजा लिया गया, लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी।

ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद विद्यालय खुलते ही शिक्षण व्यवस्था को पटरी पर लाने के उद्देश्य से ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राम अवतार मीणा एवं नारायण सिंह राव ने विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षण कार्य, छात्र उपस्थिति, विद्यालय की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा पाठ्य सामग्री वितरण की विस्तृत समीक्षा की गई।

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राम अवतार मीणा एवं नारायण सिंह राव ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गोपालपुरा अरनिया, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओलनाखेड़ा झोर तथा प्राथमिक विद्यालय धनकपूरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। मानसून सत्र में संभावित बारिश को देखते हुए उन्होंने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विद्यालयों की छतों की सफाई का निरीक्षण किया गया तथा कक्षा-कक्षों और विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान शिक्षण कार्य विधिवत शुरू होने की जांच की गई। अधिकारियों ने पाठ्य पुस्तकों के वितरण, वर्क बुक, गृह कार्य तथा शैक्षणिक प्रगति की जानकारी विद्यार्थियों से संवाद कर प्राप्त की। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गोपालपुरा में छात्रों की उपस्थिति न्यूनतम पाए जाने पर संबंधित विद्यालय को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

इसी क्रम में ग्राम सेवा शिविर के अंतर्गत झोर ग्राम पंचायत में पालनहार योजना के अध्ययनरत 16 विद्यार्थियों के प्रमाणपत्र भी जारी करवाए गए। विद्यालय खुलने के पहले ही दिन किए गए इस औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया कि शिक्षण गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, विद्यालय सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story