राजसमंद में भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ जिलेभर के विभिन्न मंदिरों में समरसता दीप प्रज्ज्वलित कर किया। भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन और आरती के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।



जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक मंडल एवं शक्ति केंद्र स्तर पर मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती का आयोजन किया गया, ताकि समाज में समरसता और सद्भाव का संदेश पहुंचाया जा सके। जिले का मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय राजनगर स्थित रामदेव मंदिर में आयोजित हुआ, जहां समरसता दीपक प्रज्ज्वलित कर भगवान की आरती की गई तथा समाज में एकता, सद्भाव और समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकता और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। पालीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संत रविदास महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सात माह तक जिलेभर में समरसता संकल्प अभियान का आयोजन कर रही है। अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रहित की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।



उन्होंने कहा कि समरसता दीपक केवल एक दीप नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, समानता, सौहार्द और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को सेवा भाव और पूर्ण समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया, ताकि संत गुरु रविदास महाराज के विचार घर-घर तक पहुंच सकें और समाज में समरसता का वातावरण और अधिक मजबूत हो।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता तथा संत रविदास महाराज के आदर्शों के अनुरूप समाज सेवा का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर जिला मंत्री वर्धिनी पुरोहित, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष उत्तम खींची, जगदीश पहाड़िया, भगवान सिंह, सोना सिंह, टीना सेन, हिम्मत मेहता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत के साथ भारतीय जनता पार्टी ने संत गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story