राजसमन्द में भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ कुंभलगढ़ स्थित एवरेस्ट हिल रिसोर्ट में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन संगठन की विचारधारा, बूथ प्रबंधन, भाजपा का इतिहास और राष्ट्र निर्माण में संगठन की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल के सानिध्य में प्रदर्शनी उद्घाटन से हुई। प्रदर्शनी में भाजपा के इतिहास, संगठन की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में पार्टी की भूमिका को प्रदर्शित किया गया।

प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र “हमारा सैद्धान्तिक अधिष्ठान” विषय पर आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित संगठन है, जिसका उद्देश्य राष्ट्र सेवा और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों का केंद्र गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का सशक्तिकरण है। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है तथा भाजपा कार्यकर्ता हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। प्रथम सत्र की अध्यक्षता दीनदयाल गिरी ने की।

इसके बाद दूसरा सत्र “बूथ प्रबंधन, मन की बात एवं आईटी” विषय पर आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा ने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसका बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ता ही चुनावी विजय की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने बूथ समितियों को अधिक प्रभावी बनाने, प्रत्येक घर तक सरकार की योजनाएं और संगठन की बात पहुंचाने तथा नियमित जनसंपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने “मन की बात” कार्यक्रम को जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर “मन की बात” कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। दूसरे सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष नंद लाल सिंघवी ने की।

प्रशिक्षण वर्ग के तृतीय सत्र में “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास राष्ट्रभक्ति, त्याग, संघर्ष और वैचारिक प्रतिबद्धता का इतिहास है। उन्होंने भारतीय जनसंघ से लेकर विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन बनने तक भाजपा की यात्रा का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन ने हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य किया है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके सिद्धांत आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

मुकेश दाधीच ने कहा कि भाजपा ने देश की राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है और केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी हैं और संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही संभव होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा सेवा, समर्पण और संस्कार की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। तृतीय सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र पुरोहित ने की।

प्रथम दिवस के सत्रों का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप काबरा और महेंद्र सिंह चौहान ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में जिला प्रभारी नीरज जैन, विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, दीप्ति माहेश्वरी, हरि सिंह रावत सहित जिले के अपेक्षित पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से भाजपा ने संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रशिक्षण और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर स्पष्ट रणनीतिक संदेश दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story