उदयपुर। शहर के सबसे बड़े महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय (एमबीजीएच) परिसर में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा कर्मियों और टोकन सिस्टम जैसी व्यवस्थाओं के बावजूद वाहन चोरी का यह मामला पुलिस और प्रशासन दोनों के लिए चुनौती बन गया है।

राजसमंद निवासी जसवंत प्रजापत ने बताया कि वह अपने पिता को दिखाने और दवाई लेने सुबह करीब 10:30 बजे एमबीजीएच अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक (नंबर RJ27 BQ 8981) मुख्य निकासी द्वार के पास पार्किंग कर्मियों को सौंपकर खड़ी करवाई। लेकिन दोपहर करीब 2 बजे लौटने पर वाहन गायब मिला। आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।

पीड़ित ने तत्काल हाथीपोल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। इस मामले की जांच का जिम्मा हेडकॉन्स्टेबल लक्ष्मीलाल (नं. 1267) को सौंपा गया है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजन की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न उठते हैं। अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्डों की तैनाती के बावजूद लगातार हो रही चोरी की वारदातें सुरक्षा तंत्र की कार्यक्षमता पर संदेह पैदा करती हैं।

हाल ही में दिल्ली सहित कई शहरों में सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए थे, लेकिन उदयपुर पुलिस की सतर्कता पर अब सवाल उठने लगे हैं। शहरवासियों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे और अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story