बिजनोल स्कूल में बुधवार को संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता में बिजनोल पंचायत, कोठरियां पंचायत और उठारडा पंचायत के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और खेल मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीनों पंचायतों के खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

खेल महोत्सव की शुरुआत विधिवत रूप से मां सरस्वती की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर मां सरस्वती की मूर्ति के सामने विशेष भोग लगाकर सभी खिलाड़ियों की मंगलकामना और प्रतियोगिता के सफल आयोजन की प्रार्थना की गई।

उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रशासक महोदय श्री योगेंद्र गुर्जर उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल) श्री मुकेश जी जोशी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री प्रवीण सिंह चुंडावत, श्री युगल किशोर जोशी, वार्ड पंच श्री मदन जोशी, वार्ड पंच श्री फतह लाल गुर्जर, कोठरियां से आए युवा कार्यकर्ता श्री अर्जुन कीर और श्री सोनू भाई गुर्जर सहित कई गणमान्य नागरिक एवं युवा साथी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए खेल प्रभारी श्री पुष्पेंद्र चौधरी और जनरल रेफरी श्री भरत जी सनाढ्य के नेतृत्व में रेफरी टीम ने मोर्चा संभाला। मैचों के दौरान श्री कमलेश जी, श्री राजेश जी, श्री हितेश जी और श्रीमती तरुणा जी ने रेफरी एवं निर्णायक (अंपायर) की भूमिका निभाते हुए खेल संचालन में सहयोग किया। वहीं संपूर्ण विद्यालय स्टाफ ने आयोजन की व्यवस्थाओं को संभालने में सक्रिय योगदान दिया।

खेल महोत्सव में शामिल तीनों पंचायतों के खिलाड़ियों, शिक्षकों, रेफरी टीम, विद्यालय स्टाफ, गांव के प्रबुद्ध नागरिकों और दर्शकों के लिए सरपंच महोदय की ओर से भोजन प्रसादी (स्नेह भोज) की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों ने सरपंच महोदय के इस आतिथ्य और सहयोग की सराहना की।

प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी, खो-खो और एथलेटिक्स के तहत 50 मीटर व 100 मीटर दौड़ के प्रारंभिक एवं नॉकआउट मुकाबले खेले गए। शानदार प्रदर्शन के आधार पर कई टीमों ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन कल सभी खेलों के फाइनल मुकाबले आयोजित होंगे, जिसके बाद विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथियों द्वारा मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story