भूपालसागर में स्टेट हाईवे चौराहे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। तेज गति से आ रहे सीमेंट से लदे ट्रॉले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार 52 वर्षीय ख्याली लाल माली मालीखेड़ा निवासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार उनका साथी 47 वर्षीय श्याम लाल माली गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें तुरंत उदयपुर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। घायल की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही भूपालसागर थाना प्रभारी लादुलाल सोलंकी अपने जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रॉले को जब्त किया और हाईवे पर फंसी मृतक की बॉडी को सुरक्षित तरीके से हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल कराया। मृतक ख्याली लाल माली का शव भूपालसागर सीएचसी की मोर्चरी में रखा गया है, जबकि पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

इस भीषण हादसे ने स्थानीय लोगों में चिंता और शोक दोनों फैला दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और कहा गया है कि तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना इस घटना का मुख्य कारण रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story