राजसमंद जिले के भीम थाने की पुलिस ने रविवार को साबित कर दिया कि वर्दी सिर्फ कानून का प्रतीक नहीं, बल्कि इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की पहचान भी है। क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संबुरिया गांव में लांगरी प्रकाश सिंह रावत की बेटी की शादी में भात भरने की पारंपरिक रस्म निभाई, जिसे देखकर ग्रामीणों ने उनकी इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की।

जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह रावत और उनके परिवार ने कई वर्षों तक भीम थाने में लांगरी (थाने की मेस में भोजन बनाने) का कार्य किया है। उनके पिता नारायण सिंह भी कई वर्षों से इसी कार्य में लगे हुए हैं। इस बार परिवार की दो बेटियों की शादी में भीम थाना के DYSP राकेश कुमार वर्मा, थानाधिकारी भंवर लाल कुमावत और अन्य पुलिसकर्मियों ने भात भरने की रस्म में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।

इस अवसर को और विशेष बनाने के लिए पुलिसकर्मी केवल मेहमान नहीं बने, बल्कि ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर थाने से बारात की तरह रवाना होकर गांव पहुंचे। यहां प्रकाश सिंह रावत की पत्नी ने सभी पुलिसकर्मियों को तिलक करके स्वागत किया और मिठाई खिलाई। पुलिसकर्मियों ने एक लाख ग्यारह हजार एक सौ रुपये नकद और कपड़ों के साथ भात भरने की रस्म पूरी श्रद्धा से अदा की।

महिलाओं के मंगल गीतों और पारंपरिक स्वागत के बीच पुलिसकर्मियों की इस पहल ने समाज में भरोसे, सहयोग और इंसानियत की नई मिसाल पेश की। उपस्थित ग्रामीणों ने इस नवाचार का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यह कार्यक्रम साबित करता है कि पुलिस की ड्यूटी केवल कानून लागू करने या अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में दया, सम्मान और रिश्तों की मजबूती सुनिश्चित करने का भी कार्य है।

भीम थाना पुलिस की यह पहल न केवल सामाजिक समरसता को बढ़ावा देती है, बल्कि स्थानीय समुदाय के बीच पुलिस और नागरिकों के रिश्तों को मजबूत करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी पेश करती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story