भीम (राजसमंद)। भीम थाना क्षेत्र में मारपीट और घर में आग लगाने के गंभीर मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई भीम थाना प्रभारी भंवरलाल कुमावत की तत्परता और जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशों में हुई।

मामला भीम बारला चौड़ा निवासी महेंद्रसिंह पुत्र खुमसिंह रावत की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि रावजी का तालाब निवासी भगवानसिंह पुत्र मकनसिंह, ईश्वरसिंह पुत्र हरिसिंह और बटी उर्फ कमलेशसिंह पुत्र हरिसिंह ने उन पर हमला किया और विवाद के दौरान उनके घर में आग लगा दी। आग की लपटों ने घर में रखे समस्त सामान को राख कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने प्रकरण संख्या 270/2025 के तहत धारा 115(2), 126(2), 125, 326(जी), 324(5), 331(4), 3(5) बीएनएस 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और वृताधिकारी भीम राकेश कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी भंवरलाल कुमावत ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के लिए जिला कार्य प्रणाली शाखा की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

थाना स्तर पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भगवानसिंह पुत्र मखनसिंह रावत को गिरफ्तार किया और न्यायिक अभिरक्षा में भेजा। इससे पहले आरोपी ईश्वरसिंह पुत्र हरिसिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई ने इस गंभीर मामले में न्याय की राह को मजबूती प्रदान की है, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story