9 अप्रैल को भिक्षु नगर, केलवा में नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप, तेरापंथ सभा भवन एवं फुली देवी अंशुल बोहरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गरिमामय आयोजन हुआ। जीतो (JITO) प्रतिनिधि मुकेश कोठारी ने बताया कि विश्व शांति और सद्भाव के उद्देश्य से 9 अप्रैल को केलवा शहर में नवकार महामंत्र का भव्य सामूहिक जाप आयोजित किया गया। यह आयोजन केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विश्व के 108 देशों में एक साथ लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से जुड़कर संपन्न किया गया।

वैश्विक स्तर पर महामंत्र का महाआयोजन

दुनिया भर में 6000 से अधिक स्थानों पर इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन, जीतो की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। तेरापंथ सभा अध्यक्ष प्रकाश बोहरा ने कहा कि "शहर के प्रमुख सभा भवन के साथ-साथ विद्यालय में भी यह विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां हजारों विद्यार्थियों ने एक साथ नवकार महामंत्र का जाप कर विश्व शांति का संदेश दिया।"

अनुशासन और श्रद्धा का अनूठा संगम

आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम प्रातः 8 से 9.30 बजे तक आयोजित हुआ। यहाँ पुरुषों ने सफेद वस्त्र एवं महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में उपस्थित होकर श्रद्धापूर्वक नवकार महामंत्र का जाप किया। वहीं विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने अनुशासनपूर्वक भाग लिया। तेयुप अध्यक्ष राजेश गांग के अनुसार विश्व नवकार दिवस के उपलक्ष में होने वाले वैश्विक कार्यक्रम को लेकर गत 20 मार्च को नवकार कलश यात्रा का आयोजन किया गया था।

आध्यात्मिक जागरूकता और विश्व शांति का संदेश

इस संबंध में महिला मंडल अध्यक्षा रत्ना कोठारी ने बताया कि "इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं और समाज को एक मंच पर जोड़कर आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाना है।" इस अवसर पर जैन श्वेतांबर तेरापंथ सभा के तत्वाधान में भिक्षु स्मृति स्थल, सभा भवन में नवकार के जाप का आयोजन किया गया जिसमें काफी संख्या में जैन बंधुओं ने नवकार मंत्र का जाप किया। इस आयोजन के माध्यम से विश्व में शांति, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया तथा समाजजनों से इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रमों में निरंतर भागीदारी का आह्वान किया गया।

समाज और संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम के समापन पर आभार तेयुप अध्यक्ष राजेश गांग द्वारा किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में तेरापंथ सभा, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद एवं विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story