भगवान श्री जयसिंह श्याम की भव्य रथयात्रा गुरुवार को आमेट नगर में श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। पुरी की विश्वप्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की तर्ज पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में नगरभर के श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जयसिंह श्याम मित्र मंडल एवं समस्त नगरवासियों के सहयोग से लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस रथयात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः भगवान श्री जयसिंह श्याम के विशेष श्रृंगार एवं महाआरती के साथ हुआ। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-हवन एवं पूर्णाहुति संपन्न हुई। नगर में सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, रोग-व्याधियों एवं प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा की कामना के साथ खेड़ा देवत पूजन भी विधि-विधान से किया गया।

दोपहर में महाआरती के पश्चात भगवान श्री जयसिंह श्याम की विशाल रथयात्रा रामचौक स्थित मंदिर से रवाना हुई। रथयात्रा के अग्रभाग में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रही थीं, जिससे आयोजन की धार्मिक गरिमा और अधिक बढ़ गई। शोभायात्रा में सुसज्जित घोड़े, आकर्षक बैंड-बाजे तथा भगवान के भजनों की मधुर धुनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। बैंड पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवा, महिलाएं और अन्य श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ नाचते-गाते हुए रथयात्रा के साथ चलते रहे।

रथयात्रा रामदेव मंदिर, बड़ी पोल, पिपली पोल, गणेश चौक, सब्जी मंडी, लक्ष्मी बाजार, पन्नाधाय, मुख्य बस स्टैंड, हॉस्पिटल रोड एवं तकिया रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः श्री जयसिंह श्याम मंदिर, रामचौक पहुंची।

पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान की रथयात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय, जल एवं अन्य प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। भगवान श्री जयसिंह श्याम के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

यह आयोजन महामंडलेश्वर महंत सीताराम दास महाराज तथा मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर के महंत नंददास महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। रथयात्रा के मंदिर पहुंचने पर भगवान श्री जयसिंह श्याम की महाआरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में दिए गए सहयोग की सराहना की।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story