राजसमंद, 24 नवंबर। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा राजसमंद की वार्षिक आम सभा सोमवार को जिला कलेक्टर सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर एवं सोसायटी प्रेसिडेंट अरुण कुमार हसीजा ने की। उन्होंने रेडक्रॉस की सेवाओं को सर्वोपरि बताते हुए पीड़ितों की सहायता और रक्तदान के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। जिला कलक्टर ने कहा कि सेवा भाव से किया गया कार्य मानव को जो आत्मिक संतोष प्रदान करता है, उसकी कोई कीमत नहीं हो सकती।

सभा का संचालन चेयरमैन कुलदीप शर्मा ने किया। बैठक में मानद सचिव बृजलाल कुमावत ने पिछले वर्ष की कार्यवाही का वाचन किया और वर्षभर किए गए सेवा कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष अशोक डूंगरवाल ने वार्षिक आय-व्यय सहित प्रगति रिपोर्ट पेश की। इस अवसर पर जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार बिंदल ने प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सिविल डिफेंस कर्मियों को प्रमाण पत्र और नए आजीवन सदस्यों को सदस्यता प्रमाणपत्र प्रदान किए।

बैठक में उपस्थित सदस्यों से लिखित सुझाव आमंत्रित किए गए, जिनका मंच पर वाचन किया गया। चेयरमैन कुलदीप शर्मा ने रेडक्रॉस की सेवाओं में अधिक सक्रिय भागीदारी और पुराने, निष्क्रिय एम्बुलेंसों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक सदस्यों को जोड़ने के लिए कमेटी बनाने और मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।

जिला कलक्टर ने आरके राजकीय चिकित्सालय स्थित ब्लड सेंटर के विस्तार और कंपोनेंट सेपरेटर मशीन लगवाने में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने जिला रेडक्रॉस भवन के निर्माण के लिए डीएमएफटी और सीएसआर फंड के सहयोग से शीघ्र प्रारंभ करने की योजना बताई। एम्बुलेंस सेवाओं को उद्योगों के सीएसआर मद से सुचारू रूप से चलाने और महिलाओं के लिए अलग रेडक्रॉस महिला विंग बनाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, जिले के स्कूल और कॉलेजों में यूथ एवं जूनियर रेडक्रॉस विंग गठन की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

सभा में मानद सचिव बृजलाल कुमावत, कोषाध्यक्ष अशोक डूंगरवाल, प्रहलाद वैष्णव, लिलेश खत्री, डॉ. विरेन्द्र महात्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे। अंत में राष्ट्रगान के साथ आमसभा का समापन हुआ। यह बैठक न केवल रेडक्रॉस की सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण रही, बल्कि जिले में सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story