आमेट में योग दिवस काउंटडाउन कार्यक्रम: 500 से अधिक लोगों ने किया अभ्यास
आयुष मंत्रालय के तत्वाधान में आयोजित 50 दिवसीय अभियान के तहत तुलसी अमृत विद्यापीठ में छात्र-छात्राओं और नागरिकों को विभिन्न आसनों का प्रशिक्षण दिया गया।

आमेट के तुलसी अमृत विद्यापीठ ग्राउंड में आयोजित 50 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के दौरान योग मुद्रा का अभ्यास करते स्कूली विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार और आयुर्वेद विभाग के तत्वाधान में आयोजित 50 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत आमेट उपखंड में योग की लहर दौड़ रही है। उपनिदेशक डॉ. रमेश मीणा के कुशल निर्देशन में जन-जन को योग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित इस अभियान में अब तक 500 से अधिक लाभार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। ब्लॉक प्रभारी डॉ. कपिल बैरवा ने जानकारी देते हुए बताया कि आमेट उपखंड के तुलसी अमृत विद्यापीठ ग्राउंड में इस विशेष योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बालक, महिलाएं और बुजुर्ग उत्साहपूर्वक भारी संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य विष्णु सिंह ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन जीने की एक अनुपम कला बताया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की वह प्राचीन और अमूल्य विरासत है जो हमें ऋषि-मुनियों से उपहार स्वरूप प्राप्त हुई है; यह न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अनिवार्य है। वर्तमान में योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करते हुए प्रतिदिन सूक्ष्म व्यायाम, ताड़ासन, भुजंगासन, वृक्षासन, चक्रासन, उष्ट्रासन के साथ-साथ कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं विभिन्न प्रकार के आसनों व प्राणायामों का सघन अभ्यास कराया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन की सफलता में तुलसी अमृत विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रफुल्ल शर्मा, राहुल सोनी, केवल चंद, कपिल देव, गोवर्धन मेवाड़ा, पिंकी महेश्वरी सहित चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. रजनी, डॉ. गरिमा, कंपाउंडर रसीला, परिचारक हिम्मत सिंह एवं महिला योग प्रशिक्षकों का सराहनीय सहयोग रहा। विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ-साथ आम नागरिकों की यह सक्रिय उपस्थिति न केवल शारीरिक आरोग्यता को बढ़ावा दे रही है, बल्कि समाज में योग को एक दैनिक संस्कार के रूप में स्थापित करने का मार्ग भी प्रशस्त कर रही है।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
