आमेट में श्रीमद्भागवत कथा और लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की तैयारियां तेज
राजसमंद के आमेट में 19 मई से धार्मिक अनुष्ठान शुरू होगा, जिसमें देश भर के प्रसिद्ध साधु-संत शिरकत करेंगे।

आमेट के वीर प्रताप सर्कल स्थित मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में महायज्ञ के लिए तैयार की गई नवनिर्मित यज्ञशाला।
आमेट क्षेत्र पावन मलमास के अवसर पर 19 मई से 25 मई 2026 तक होने वाले विशाल एवं भव्य श्रीमद्भागवत कथा, लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं विशाल भंडारे को लेकर भक्तिमय वातावरण में डूब चुका है। वीर प्रताप सर्कल स्थित मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर के पास अमरा का नाड़ा स्कूल परिसर में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन स्थल पर यज्ञशाला निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि कथा पांडाल, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, विद्युत सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक अभियान भी चलाया जा रहा है।
आयोजन कर्ता मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर के संत नंददास महाराज ने बताया कि आयोजन को लेकर क्षेत्रभर में विशेष उत्साह है। कार्यक्रम में देशभर से अनेक संत-महात्मा, साधु-संत एवं महंत उपस्थित रहकर धर्मसभा को गौरवान्वित करेंगे। आयोजन को महंत हंसदास महाराज महात्यागी, पबराणा आश्रम तथा दण्डी स्वामी अवधेशानन्द महाराज, सुरजकुंडधाम का विशेष आशीर्वाद प्राप्त रहेगा।
श्रीमद्भागवत कथा का वाचन राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता युवराजकृष्ण महाराज द्वारा किया जाएगा। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत का रसपान कराया जाएगा। आयोजन में महामंडलेश्वर महंत सीताराम दास महाराज शान्तिनाथ आश्रम, महंत नारायणदास महाराज महात्यागी, संत रमेश दास महाराज पबराणा आश्रम, महंत बालक दास महाराज खाकरड़ा, संत पुरुषोतम दास महाराज महात्यागी चारभुजा, महंत मनोहरदास महाराज देवड़ों का गुड़ा एवं महंत हरिदास महाराज आडावाला सहित अनेक संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त होगा।
आयोजन समिति के अनुसार 18 मई को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 19 मई से 25 मई तक प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रात्रि 11 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा आयोजित होगी। वहीं 22 मई से 25 मई तक लक्ष्मी नारायण महायज्ञ संपन्न कराया जाएगा। आयोजन के समापन अवसर पर 25 मई को शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
धार्मिक आस्था, संत-महात्माओं के सानिध्य और विशाल जनभागीदारी के साथ आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम आमेट क्षेत्र को सात दिनों तक आध्यात्मिक महाकुंभ में परिवर्तित करेगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
