आमेट में शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण समाज की कार्यकारिणी भंग, 26 अप्रैल को चुनाव
पुरानी कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद निर्वाचन मंडल गठित, तीन अधिकारियों को मिली निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी।

आमेट (राजसमंद)। शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण समाज संस्थान आमेट की एक महत्वपूर्ण बैठक संस्थान के अध्यक्ष दिनेश शर्मा की अध्यक्षता एवं संरक्षक शिव नारायण शर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। इस बैठक में समाज के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूती देने हेतु वर्तमान कार्यकारिणी के संबंध में बड़ा निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित कार्यकारिणी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह निर्णय लिया कि वर्तमान पदाधिकारियों का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है, अतः पुरानी कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर आगामी 26 अप्रैल 2026 को नए सिरे से चुनाव करवाए जाएंगे।
निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने हेतु संस्थान ने त्रि-सदस्यीय निर्वाचन मंडल का गठन किया है। इस जिम्मेदारी के लिए घनश्याम शर्मा, मुकेश शर्मा और कुलदीप शर्मा को निर्वाचन अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। चुनाव की आधिकारिक घोषणा होते ही निर्वाचन अधिकारियों ने चुनाव संबंधी विस्तृत सूचनाएं और दिशा-निर्देश संस्थान भवन के बाहर चस्पा कर दिए हैं, ताकि समाज के समस्त मतदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंच सके। बैठक के समापन पर अध्यक्ष दिनेश शर्मा, संरक्षक शिव नारायण शर्मा, रोशन लाल, प्रभु प्रकाश, घनश्याम, अशोक कुमार, कुलदीप और संस्थान मंत्री कैलाश चंद्र शर्मा ने आगामी निर्वाचन प्रक्रिया पर सहमति जताते हुए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समाज में इस चुनावी घोषणा के बाद नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर उत्साह और चर्चा का माहौल है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
