आमेट (राजसमंद)। जिले में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच आमेट पुलिस को एक बड़ी और निर्णायक सफलता हाथ लगी है। सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात बागरिया गैंग का पर्दाफाश कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने राजसमंद और भीलवाड़ा जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्जनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय चोरी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2025 को आगरिया गांव में ई-मित्र की दुकान, शराब के ठेके तथा हरिओम मार्बल के समीप से मोटरसाइकिल चोरी की घटना दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस थाना आमेट में प्रकरण संख्या 275/2025 धारा 331(4), 305(क) एवं 115(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। बढ़ती चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक राजसमंद ममता गुप्ता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी कुम्भलगढ़ के सुपरविजन में थानाधिकारी आमेट ओम सिंह चुण्डावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में डीएसटी और साइबर सेल को भी शामिल किया गया, जिसमें 15 से अधिक पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

लगातार तकनीकी विश्लेषण, सूचना संकलन और गहन निगरानी के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जगदीश बागरिया (20 वर्ष) एवं मुलजिम उर्फ नानू बागरिया (35 वर्ष), दोनों निवासी नई आबादी रेलमगरा, को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना आमेट, रेलमगरा, नाथद्वारा, कांकरोली, कांकरोली सर्किल, कुवारिया थाना क्षेत्र सहित राजसमंद जिले और रायपुर थाना क्षेत्र, जिला भीलवाड़ा में चोरी की कई वारदातें करना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किराणा और कपड़े की दुकानों, शराब ठेकों, सूने व बंद मकानों के ताले तोड़कर नकदी, जेवरात, शराब और अन्य कीमती सामान चोरी करने के साथ ही पशु चोरी और मोटरसाइकिल चोरी जैसी घटनाओं को भी अंजाम देने की बात कबूली है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सामान की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है, जबकि पूछताछ अभी भी चल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और अतिरिक्त चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी प्रबल संभावना है।

आमेट पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन ने राहत की सांस ली है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस खुलासे से न केवल चोरी की वारदातों पर अंकुश लगेगा, बल्कि संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त संदेश भी जाएगा।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story